युवा कांग्रेस में खाली पद भरने की कवायद तेज, जिले और विधानसभाओं से 10 जून तक मांगे नाम

45

युवा कांग्रेस में खाली पद भरने की कवायद तेज, जिले और विधानसभाओं से 10 जून तक मांगे नाम

भोपाल:  प्रदेश युवा कांग्रेस में संगठनात्मक ढांचे को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए खाली पड़े पदों को भरने की कवायद बेहद तेज हो गई है।
युवा कांग्रेस के चुनावों के दौरान जिन जिलों और विधानसभाओं में पदाधिकारियों के पद रिक्त रह गए थे, उन्हें अब मनोनयन के जरिए जल्द से जल्द भरा जाएगा। प्रदेश संगठन ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों, जोन और जिला प्रभारियों से आगामी 10 जून तक अनिवार्य रूप से योग्य उम्मीदवारों के नामों के पैनल मांगे हैं।

युवा कांग्रेस के चुनाव के मानदंडों के तहत जिला कमेटी का कुल आकार 31 पदाधिकारियों (1 अध्यक्ष, 10 उपाध्यक्ष और 20 महासचिव) का होता है। वहीं, प्रत्येक विधानसभा कमेटी का आकार 27 पदाधिकारियों (1 अध्यक्ष, 6 उपाध्यक्ष और 20 महासचिव) का निर्धारित है। पिछले संगठनात्मक चुनाव में कई क्षेत्रों में इस तय संख्या के अनुरूप पदाधिकारी निर्वाचित नहीं हो पाए थे, जिससे संगठन का काम प्रभावित हो रहा था। अब राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इन खाली पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सामाजिक संतुलन और आयु सीमा का रखना होगा ध्यान
संगठन द्वारा जारी गाइडलाइंस के मुताबिक, रिक्त पदों पर मनोनीत होने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष है। इसके साथ ही सूची तैयार करते समय क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
इस प्रक्रिया में जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने वाले युवाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में पंच, सरपंच, जनपद, जिला पंचायत सदस्य और पार्षद को प्राथमिकता दी जाएगी।

समन्वय के साथ 10 जून तक भेजनी होगी सूची
प्रदेश नेतृत्व ने साफ किया है कि सभी जिला अध्यक्ष अपने-अपने प्रभारियों, विधानसभा अध्यक्षों और स्थानीय वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ व्यापक विचार-विमर्श के बाद ही नामों का प्रारूप जिसमें नाम, पद, जाति वर्ग, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर सहित तैयार करेंगे। यह सूची 10 जून तक प्रदेश कार्यालय में जमा करनी होगी, इसके बाद भेजे गए नामों पर विचार होगा। इनमें से कुछ युवाओं को युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पदाधिकारी बनाएंगे।