इंटरपोल के रेड नोटिस वाले 3 वन्यजीव तस्करों पर 2 लाख रुपये का इनाम

32

इंटरपोल के रेड नोटिस वाले 3 वन्यजीव तस्करों पर 2 लाख रुपये का इनाम

भोपाल : वन एवं वन्यजीव संरक्षण के लिए मध्यप्रदेश में चलाए जा रहे सघन अभियानों के तहत वन्यजीव मुख्यालय ने इंटरपोल के रेड नोटिस जारी तीन फरार अंतर्राष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों की गिरफ्तारी एवं उनके संबंध में सूचना देने वालों के लिए कुल 2 लाख रुपये की इनामी राशि घोषित की है।

स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) की भोपाल इकाई द्वारा वर्ष 2015 में दर्ज एक प्रकरण में बाघ के अवैध शिकार तथा उसके अंगों की अंतर्राज्यीय एवं अंतर्राष्ट्रीय तस्करी के मामले में मुख्य आरोपी जे.ई. तमांग (दिल्ली) और ढरके लामा (काठमांडू, नेपाल) पिछले लगभग दस वर्षों से फरार हैं। इसी तरह एसटीएसएफ की शिवपुरी इकाई द्वारा दर्ज कछुओं एवं घड़ियालों की अंतर्राष्ट्रीय तस्करी से जुड़े प्रकरणों में आरोपी अल हज़ मोहम्मद शफ़ीकुल इस्लाम उर्फ रहमान तालुकदार (ढाका, बांग्लादेश) की भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित न्यायालयों द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं।

अपराधों की गंभीरता तथा आरोपियों की संभावित अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों को देखते हुए इंटरपोल द्वारा तीनों आरोपियों के विरुद्ध रेड नोटिस जारी किए गए हैं। इनके संबंध में सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों के लिए वन्यजीव मुख्यालय ने जे.ई. तमांग पर 1 लाख रुपये तथा ढरके लामा एवं रहमान तालुकदार पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

वन्यजीव मुख्यालय ने आमजन से अपील की है कि वांछित आरोपियों के संबंध में कोई भी सूचना मोबाइल नंबर 9424792115, 9424797059 एवं 9424797031 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।