भारत की तारीफ या ट्रंप को आईना दिखाते कार्नी…

4

भारत की तारीफ या ट्रंप को आईना दिखाते कार्नी…

कौशल किशोर चतुर्वेदी

जी-7 शिखर सम्मेलन में कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने यहाँ तक कह दिया कि भारत की मौजूदगी नई विश्व व्यवस्था का प्रतीक है। किसी जमाने में जी-7 का हौवा हुआ करता था। जी-7 के मंच से 7 लोग जो बोल देते थे, वह पत्थर की लकीर हो जाता था। लेकिन आज वक्त बदल गया है। जी-7 के बगैर दुनिया का काम नहीं चलेगा, ये गुजरे जमाने की बात है। आज ग्लोबल ऑर्डर यानी न्यू वर्ल्ड ऑर्डर इंडिया-सेंट्रिक हो गया है। यही नहीं बल्कि उनके मुताबिक मोदी की अगुवाई वाले भारत को साथ लिए बगैर किसी भी मंच का काम नहीं चल सकता। यानी कोई भी हिंदुस्तान को लाइक करे या न करे, उसे इग्नोर नहीं कर सकता। कार्नी ने यूरोप दौरे के बीच एक कार्यक्रम में कहा कि अगर कभी जी-7 दुनिया को चलाता भी था, तो अब वो स्थिति नहीं रही। आज भारत और अन्य साझेदार देशों को जी-7 समिट में आमंत्रित करना इस बात की स्वीकारोक्ति है कि वैश्विक चुनौतियों का समाधान केवल सात विकसित देशों के बूते नहीं है।

 

अपने भाषण में आगे उन्होंने ये भी कहा, ‘आज की दुनिया में सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आपूर्ति श्रृंखलाओं, ऊर्जा और आर्थिक स्थिरता जैसे मुद्दों पर व्यापक अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है। ऐसे में भारत जैसे देशों के विचार और अनुभव बेहद महत्वपूर्ण हो जाते हैं। दुनिया में शक्ति का केंद्र बदल रहा है और उभरती अर्थव्यवस्थाएं वैश्विक फैसलों में अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा रही हैं। यही कारण है कि जी-7 को अब अपने पारंपरिक दायरे से बाहर निकलकर व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करनी पड़ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत इस मंच पर केवल अपने हितों की नहीं, बल्कि ग्लोबल साउथ यानी विकासशील देशों की आकांक्षाओं और चिंताओं की भी आवाज उठाएगा।

दुनिया के तमाम जियोपॉलिटिकल एक्सपर्ट्स का ये मानना है कि भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में उसकी भूमिका और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बढ़ते प्रभाव के कारण अब उसे विश्व राजनीति में एक प्रमुख शक्ति के रूप में देखा जा रहा है।

इस सम्मेलन में करीब 16 महीने बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमने-सामने मुलाकात हुई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप G7 शिखर सम्मेलन के बैठक कक्ष में मौजूद थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वहां पहुंचे। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया और हाथ मिलाया। इस दौरान दोनों के बीच लगभग 50 सेकेंड तक बातचीत भी हुई। दोनों नेताओं की यह मुलाकात भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप दोनों ही एवियन शहर में आयोजित G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस पहुंचे हैं। सम्मेलन के दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा हो रही है।

जी-7 समिट की यह दो खास तस्वीरें चर्चा के केंद्र में हैं। यह बात भी बिल्कुल साफ है कि कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी ने भारत और मोदी की तारीफ कर कहीं न कहीं ट्रंप और उनकी टीम को आईना दिखाया है। क्योंकि कनाडा-अमेरिका प्रेम भी भारत-पाकिस्तान की तरह ही दोयम दर्जे का माना जा सकता है। तो मोदी-ट्रंप की मुलाकात को भी औपचारिक ही मानकर चला जा सकता है। ट्रंप, कब, किस करवट बैठे…यह शायद अमेरिका भी नहीं बता सकता। पर यह बात साफ है कि भारत की तारीफ कर कार्नी ने अपनी भड़ास निकालते हुए ट्रंप को आईना दिखाने का काम सार्वजनिक मंच से किया है। हालांकि, सभी को यह भी मालूम है कि ट्रंप की सेहत पर कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है…।

 

 

 

लेखक के बारे में –

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार हैं। प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में पिछले ढ़ाई दशक से सक्रिय हैं। पांच पुस्तकों व्यंग्य संग्रह “मोटे पतरे सबई तो बिकाऊ हैं”, पुस्तक “द बिगेस्ट अचीवर शिवराज”, ” सबका कमल” और काव्य संग्रह “जीवन राग” के लेखक हैं। वहीं काव्य संग्रह “अष्टछाप के अर्वाचीन कवि” में एक कवि के रूप में शामिल हैं। इन्होंने स्तंभकार के बतौर अपनी विशेष पहचान बनाई है।

वर्तमान में भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र “एलएन स्टार” में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में एसीएन भारत न्यूज चैनल में स्टेट हेड, स्वराज एक्सप्रेस नेशनल न्यूज चैनल में मध्यप्रदेश‌ संवाददाता, ईटीवी मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ में संवाददाता रह चुके हैं। प्रिंट मीडिया में दैनिक समाचार पत्र राजस्थान पत्रिका में राजनैतिक एवं प्रशासनिक संवाददाता, भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित अन्य अखबारों के लिए स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर कार्य कर चुके हैं।