
SPS to IPS Award: पिछले साल से 5 महीने पहले 25 जून को भोपाल में हो रही DPC, 4 अफसरों पर आ सकती है आपत्ति
जानिए किन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार
भोपाल : राज्य पुलिस सेवा (SPS) के अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अवार्ड करने के लिए इस वर्ष विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक 25 जून को भोपाल में होने जा रही है।
खास बात यह है कि पिछले वर्ष यह प्रक्रिया 21 नवंबर को हुई थी, जबकि इस बार करीब पांच महीने पहले ही डीपीसी आयोजित की जा रही है। तब पांच अफसरों को आईपीएस अवार्ड के लिए यह बैठक हुई थी, लेकिन एक पद होल्ड किया गया था, जो इस बार की डीपीसी में शामिल किया जाएगा। वहीं चार अफसरों पर आपत्ति होने की आशंका जताई जा रही है।
इस वर्ष प्रदेश में आठ के बजाय नौ अधिकारियों को आईपीएस अवार्ड होगा। दरअसल, पिछली डीपीसी में एक पद को होल्ड पर रखा गया था, जिसे अब समाप्त मानते हुए वर्तमान वर्ष के कोटे में शामिल किया गया है। इसके चलते वर्ष 2025 में रिक्त हुए आठ पदों के साथ एक अतिरिक्त पद जोड़कर कुल नौ पदों के लिए चयन प्रक्रिया होगी।
पिछले वर्ष पांच पदों के लिए हुई डीपीसी में 15 अधिकारियों के नामों पर विचार किया गया था। चयन प्रक्रिया के बाद वर्ष 1997 बैच के विक्रांत मुराव तथा वर्ष 1998 बैच के सुरेंद्र कुमार जैन, आशीष खरे और राजेश रघुवंशी को आईपीएस अवार्ड किया गया था। वहीं वर्ष 1997 बैच के अमृत मीणा के लिए एक पद होल्ड रखा गया था। निर्धारित समयावधि में मामला स्पष्ट नहीं होने के कारण वह पद रिक्त रह गया। अब वही पद इस वर्ष की डीपीसी में जोड़ दिया गया है।
इस बार वर्ष 1997, 1998 और 2000 बैच के कुल 27 अधिकारियों का रिकॉर्ड तैयार कर यूपीएससी को भेजा गया है। हालांकि इनमें से चार अधिकारियों के सेवा रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी बिंदुओं पर आपत्तियां आने की आशंका जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है तो वरिष्ठता सूची में उनके बाद के अधिकारियों को अवसर मिल सकता है।
पहली बार समय पर भेजा गया प्रस्ताव
पिछले वर्ष आईपीएस अवार्ड की प्रक्रिया लंबी चली थी। सितंबर में हुई पहली डीपीसी को निरस्त करना पड़ा था, जिसके बाद नवंबर में दोबारा बैठक आयोजित की गई। दिसंबर में विक्रांत मुराव, सुरेंद्र कुमार जैन, आशीष खरे और राजेश रघुवंशी को आईपीएस अवार्ड करने के आदेश जारी हुए थे। प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर था जब आईपीएस अवार्ड के लिए दो बार डीपीसी आयोजित करनी पड़ी थी। इस बार पुलिस मुख्यालय और गृह विभाग ने प्रस्ताव अपेक्षाकृत जल्दी भेज दिया, जिसके चलते जून में ही डीपीसी की तारीख तय हो गई है।
इन अधिकारियों के नामों पर होगा विचार
डीपीसी के लिए जिन प्रमुख अधिकारियों के नाम भेजे गए हैं उनमें सीताराम सतस्या, अमृत मीणा, निमिषा पांडे, राजेश कुमार मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा पाठक सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, सव्यसाची सर्राफ, समर वर्मा, सत्येंद्र सिंह तोमर और अंजना तिवारी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। अब 25 जून को होने वाली बैठक में तय होगा कि राज्य पुलिस सेवा से किन नौ अधिकारियों को आईपीएस कैडर में स्थान मिलेगा।





