MP News: बढ़ सकती है कांग्रेस नेता केके मिश्रा और आनंद राय की मुश्किलें

881

भोपाल: मध्य प्रदेश प्राथमिक शिक्षा पात्रता वर्ग 3 के प्रश्न पत्र लीक करने के आरोप के संदर्भ में मुख्यमंत्री के उप सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम की शिकायत पर केके मिश्रा और आनंद राय का प्रकरण अब क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। क्राइम ब्रांच ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि इस जांच से दोनों नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दोनों नेताओं को क्राइम ब्रांच ने अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस जारी कर दिए हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय में उप सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम की शिकायत पर प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और मीडिया प्रभारी केके मिश्रा और व्यापम घोटाले के विसल ब्लोअर डॉक्टर आनंद राय के खिलाफ अजाक थाने में एफ आई आर दर्ज की गई थी।
यह भी बता दें कि के के मिश्रा और आनंद राय ने लक्ष्मण सिंह पर प्राथमिक शिक्षा पात्रता वर्ग 3 के प्रश्न पत्र लीक करने का आरोप लगाते हुए स्क्रीनशॉट 26 मार्च को सोशल मीडिया पर वायरल किए थे। लक्ष्मण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने षडयंत्र पूर्वक कूट रचित दस्तावेज तैयार करना, जालसाजी और एट्रोसिटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफ आई आर दर्ज की थी। अब उसी एफआईआर को क्राइम ब्रांच ट्रांसफर कर दिया गया है। क्राइम ब्रांच इस मामले की विस्तार से जांच करेगी। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इससे इन दोनों नेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।