MP Weather Update : मौसम बदला, नर्मदापुरम समेत कई जगह बारिश और ओले

भोपाल में बूंदाबादी, भिंड, ग्वालियर और मुरैना में तेज आंधी चली

1140

Bhopal : मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मध्यप्रदेश में पिछले दो सप्ताह की तेज गर्मी के बाद रविवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव आया। बादल छाने के साथ कई जगह बारिश हुई। नर्मदापुरम (होशंगाबाद) में हल्की बारिश के साथ ओले गिरे। भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा संभाग के जिलों में भी मौसम बदलता दिखा। कुछ जगह चमक के साथ बौछार गिरी।                                                IMG 20220502 WA0015

भोपाल में रविवार शाम को आसमान में बादल छाए और देर रात तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई, जिससे तापमान में गिरावट आई। सोमवार सुबह हलकी बूंदाबांदी भी हुई। भिंड में आंधी चली, ग्वालियर और मुरैना में आंधी के साथ बारिश भी हुई। सीधी में 6 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजगढ़ में भी बूंदाबांदी की ख़बरें हैं।   नर्मदापुरम में रविवार दोपहर साढ़े 3 बजे से हवा-आंधी चलना शुरू हुई। बाबई सहित ग्रामीण अंचल में करीब 15 से 20 मिनट तक तेज पानी गिरा। इस बरसात से समर्थन मूल्य केंद्रों पर रखा हजारों क्विंटल गेहूं भीग गया। मौसम में हुए परिवर्तन से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दिन का तापमान 40.7 डिग्री रहा जिससे लोगों को राहत मिली।

बताया गया कि अलग–अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण हवाओं के साथ नमी आने का सिलसिला शुरू हो गया। इसके अलावा सीहोर के शाहगंज क्षेत्र और दतिया जिले के सेवढ़ा अनुविभाग के थरेट सहित सेंथरी, कुदारी, सेंगुवा, पिपरौआ, जौनिया, चीना, दिगुवां, कंजौली, रायपुरा बुजुर्ग, सिलोचन पुरा, इगुई सहित कई गांवों में बारिश के साथ ओले गिरने की ख़बरें हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, हवाओं के साथ नमी आने से रविवार दोपहर बाद उत्तरी मध्य प्रदेश में बादल छाए थे। इससे अधिकतम तापमान में थोड़ी गिरावट भी आई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रशांत महासागर में ला-नीना सक्रिय है। एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, दूसरा आ रहा है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे 2 मई से मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल रहेंगे। 3 से 5 मई के बीच कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद पूरा मई महीना सूखा और गर्म रहेगा।

भोपाल में आंशिक बादल छाए। बादल होने से अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। यह शनिवार के अधिकतम तापमान 42 डिग्री की तुलना में 0.7 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री से. रिकार्ड किया गया, जो शनिवार के न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री की तुलना में 1.8 डिग्री अधिक रहा। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 45.2, जबलपुर में 42.7 और इंदौर में 41.1 डिग्री सेल्सियस रहा।