आज शपथ लेगी भोपाल शहर की सरकार …

आखिरकार वह क्षण आ ही गया, जब लंबे अंतराल के बाद शहर की चुनी हुई सरकार बन ही गई और आज इसके शपथ लेने का साक्षी बनेंगे राजधानीवासी। प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा संगठन के मुखिया विष्णुदत्त शर्मा और नगरीय विकास विभाग के मुखिया भूपेंद्र सिंह इस शपथ समारोह के प्रत्यक्षदर्शी रहेंगे। मैं मालती राय…भोपाल की मेयर की शपथ लेती हूं ….कि…वगैरह वगैरह। जितना इस शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भव्य बनाया गया है, तो नए मेयर के सामने चुनौतियों का उतना ही अंबार भी लगा है।
सबसे पहली चुनौती निगम की रीढ़ अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की है। दूसरी चुनौती शहर की नालियों, सिवरेज, सड़कों, पार्कों, उद्यानों, परिवहन और अन्य सभी कार्यों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की है। तो सबसे बड़ी चुनौती स्वच्छता में शहर को देश में पहले पायदान पर लाने की है। तो चुनौती निगम को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने की भी है। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने की भी है। तो नए निर्माण और सौंदर्यीकरण की चुनौती भी है। तो सबसे बड़ी चुनौती समन्वय के साथ राजधानी के जनप्रतिनिधियों में निगम के साथ समन्वय और भरोसा कायम रखने की भी है। खास तौर से जब शहर भाजपा-कांग्रेस के विधायकों में बराबरी से बंटा हो…तब मेयर की चुनौती कुछ ज्यादा ही बढ़ जाती है। पर पार्षद का दायित्व निर्वहन कर चुकी मेयर से सबको यह उम्मीद है कि वह चुनौतियों से सफलतापूर्वक पार पा ही जाएंगीं। और महिला होने के नाते वह एक संवेदनशील शहर सरकार की मेयर के रूप में नई पहचान स्थापित करेंगीं।
शपथ के दौरान उनके मंच पर भाजपा के दो पूर्व महापौर कृष्णा गौर और आलोक शर्मा भी मौजूद रहेंगे। कृष्णा गौर गोविंदपुरा सीट से विधायक भी हैं। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा भी मौजूद रहेंगे। जनप्रतिनिधियों के तौर पर इनकी शहर सरकार से अपेक्षाओं को लेकर मैडम मेयर पहले से ही जागरूक और मानसिक तौर पर तैयार भी होंगीं। उन्हें मेयर प्रत्याशी बनाने में और मेयर के रूप में उनकी बड़ी जीत में इन विधायकों की भी बड़ी हिस्सेदारी है। दिन-रात अथक परिश्रम कर अपना मेयर बनाने में इन्होंने महत्वपूर्ण किरदार निभाया है। तो इनके क्षेत्रों में विकास के नए प्रतिमान स्थापित करने में अब मैडम मेयर को बड़ी भूमिका निभाने को तैयार रहना पड़ेगा। और राजधानीवासियों का भरोसा जीतने के लिए कांग्रेस विधायकों आरिफ अकील, पीसी शर्मा और आरिफ मसूद के क्षेत्र के विकास की पूरी चिंता करने की जिम्मेदारी भी मेयर मालती राय के कंधों पर रहेगी। आखिरकार जीत-हार का युद्ध कैसे भी लड़ा गया हो, लेकिन अब वह शहर सरकार के मेयर के बतौर राजधानी के हर नागरिक की मुखिया हैं और अब उनका सभी पर और सबका उन पर पूरा-पूरा हक तो बनता है।
तो आइए अब हम सभी राजधानीवासी यह उम्मीद करें कि आगामी पांच साल में स्वर्णिम भोपाल आकार लेगा। झीलों का यह शहर सौंदर्य के नए प्रतिमान गढ़ेगा। मेट्रो दौड़ेगी, नए फ्लायओवर्स शहर के यातायात को सुगम बनाएंगे। इलेक्ट्रिक बसें प्रदूषण मुक्त सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को मूर्त रूप देंगीं। रैन बसेरों की स्थितियां बेहतर होंगीं। कचड़ा निष्पादन की व्यवस्था आदर्श स्थिति की तरफ लगातार कदम बढ़ाएगी। पेयजल की आपूर्ति सभी के लिए सुगम होगी। झुग्गी-झोपड़ी मुक्त शहर बनने की दिशा में भोपाल अव्वल रहेगा। और निश्चित तौर पर जब इतना कुछ होगा, तो भोपाल देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का कीर्तिमान भी हासिल करके ही रहेगा। मैडम मेयर के नेतृत्व में शहर सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी संस्कृति को बनाए रखने में भी नए कीर्तिमान बनाएगा। आईएसबीटी में मेयर का नया चैंबर तैयार है। तो उनके पास ही निगम के नेता प्रतिपक्ष और अध्यक्ष का चैंबर भी है। तो शहर की नई सरकार में नेता प्रतिपक्ष और महापौर के बीच फैसलों को लेकर भी शहर और जनहित में निकटता बनी रहे। इसी उम्मीद के साथ शहर की नई सरकार को शहर के विकास के लिए शहरवासियों की तरफ से बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। मैडम मेयर मालती राय…आपके कार्यकाल में स्वर्णिम भोपाल आकार ले और शहर के हित में लिए गए फैसले मूर्त रूप लेकर आपके कार्यकाल को स्वर्णिम बनाएं, यही कामना है।
Author profile
khusal kishore chturvedi
कौशल किशोर चतुर्वेदी

कौशल किशोर चतुर्वेदी मध्यप्रदेश के जाने-माने पत्रकार हैं। इलेक्ट्रानिक और प्रिंट मीडिया में लंबा अनुभव है। फिलहाल भोपाल और इंदौर से प्रकाशित दैनिक समाचार पत्र एलएन स्टार में कार्यकारी संपादक हैं। इससे पहले एसीएन भारत न्यूज चैनल के स्टेट हेड रहे हैं।

इससे पहले स्वराज एक्सप्रेस (नेशनल चैनल) में विशेष संवाददाता, ईटीवी में संवाददाता,न्यूज 360 में पॉलिटिकल एडीटर, पत्रिका में राजनैतिक संवाददाता, दैनिक भास्कर में प्रशासनिक संवाददाता, दैनिक जागरण में संवाददाता, लोकमत समाचार में इंदौर ब्यूरो चीफ, एलएन स्टार में विशेष संवाददाता के बतौर कार्य कर चुके हैं। इनके अलावा भी नई दुनिया, नवभारत, चौथा संसार सहित विभिन्न समाचार पत्रों-पत्रिकाओं में स्वतंत्र लेखन किया है।