Forcibly Entered The Nandi Hall : महाकाल के नंदी हाल में जबरन घुसे युवा मोर्चा कार्यकर्ता, मंदिर प्रशासन ने दर्ज कराई FIR

युवा मोर्चा और महाकाल मंदिर के प्रशासन के बीच झड़प हुई  

832

Forcibly Entered The Nandi Hall : महाकाल के नंदी हाल में जबरन घुसे युवा मोर्चा कार्यकर्ता, मंदिर प्रशासन ने दर्ज कराई FIR

उज्जैन से सुदर्शन सोनी की रिपोर्ट

Ujjain : यहां महाकालेश्वर मंदिर में सावन महीने के चलते श्रद्धालुओं को काफी भीड़ है। पुलिस और प्रशासन इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगा है। लेकिन, बुधवार को मंदिर के अंदर काफी हंगामा हुआ। यह हंगामा तब हुआ जब भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच गहमागहमी हुई। मंदिर प्रशासन के स्टाफ और युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं में धक्का-मुक्की भी हुई। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार मंदिर प्रशासन द्वारा एफ आई आर दर्ज कराई गई है।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार को दर्शन करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनके समर्थकों और मंदिर में मौजूद स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और बहस हुई। जानकारी मिली है कि दर्शन करने को लेकर यह बहस हुई।

तेजस्वी सूर्या दर्शन करने के लिए गर्भ गृह के पास गए, तब उनके साथ कुछ अन्य कार्यकर्ता भी अंदर चले गए। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को सुरक्षाकर्मियों ने नंदी हॉल तक जाने से रोक दिया। इस बात से नाराज कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरु कर दिया और बैरिकेटिंग हटाते हुए जबरदस्ती अंदर प्रवेश कर गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और स्टाफ के बीच मारपीट की भी जानकारी मिली है। इस मामले में कोई कुछ भी कहने को राजी नहीं है। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेजस्वी सूर्या समर्थकों के साथ बुधवार सुबह उज्जैन पहुंचे थे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार और दूसरे पदाधिकारी भी वहां मौजूद थे। प्रतिबंध के बाद भी महाकाल मंदिर में बैरिकेड तोड़कर भारतीय युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने नंदी हाल में प्रवेश करने के लिए जबरदस्ती की। और इसके साथ ही कर्मचारियों से अभद्रता की। अब इस घटनाक्रम पर लीपा-पोती की कोशिश हो रही है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी कराई गई एफ आई आर में 2 लोग नामजद है। बाकी अज्ञात है। वीडियो सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य ओर भी आरोपियों की शिनाख्त की जाएगी | श्री महाकालेश्वर मंदिर की व्यवस्थाएं तार-तार करने वाले भारतीय जनता युवा मोर्चा के 2 कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 353 और 147 में महाकाल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

महाकाल थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया की महाकाल मंदिर समिति की और से सुबह हुई घटना को लेकर एक शिकायती आवेदन आया था। जिसके बाद फुटेज के आधार पर वीरेंद्र और राघवेंद्र नामक युवक सहित अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।