MP Weather Update : भोपाल, इंदौर संभाग में फिर बारिश की चेतावनी

787

MP Weather Update : भोपाल, इंदौर संभाग में फिर बारिश की चेतावनी

Bhopal : मध्य प्रदेश में कोटे से अधिक बारिश हो चुकी है। अब फिर मौसम विभाग ने प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार उज्जैन इंदौर भोपाल एवं प्रदेश के कई जिलों में नया सिस्टम एक्टिवेट होने वाला है, इससे बारिश होगी। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय बारिश होती है तो फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं होगा, किंतु जहां पर फसल पकने की कगार पर है या पक चुकी है वहां पर परेशानी हो सकती है। ज्ञात हो कि मंदसौर जिले में नई सोयाबीन पककर मंडी में बिक चुकी है।
मध्यप्रदेश में नमी बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 80% से ज्यादा नमी होने के कारण लोकल सिस्टम बारिश कराता है। उमस जितनी ज्यादा बढ़ेगी, उतनी ज्यादा बारिश होने के आसार बनेंगे। भोपाल में 85% नमी बनी हुई है। इसके साथ ही बैतूल, दतिया, धार, नर्मदापुरम, इंदौर, पचमढ़ी, रतलाम, शिवपुरी, उज्जैन, खंडवा, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, खजुराहो, मंडला, नौगांव, सागर, सतना, सीधी, उमरिया और मलजखंड में 80 से लेकर 97% तक नमी बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की जानकारी के मुताबिक भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, जबलपुर संभागों के जिलों में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में म्यांमार के पास हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बनने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होकर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके असर से आठ सितंबर के बाद वर्षा की गतिविधियों में तेजी आ सकती है।
अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार नमी मिल रही है। जिसके चलते तापमान बढ़ते ही गरज–चमक के साथ मप्र के अधिकतर जिलों में वर्षा की संभावना बनी है।
8 सितंबर के बाद बनेगा नया सिस्टम
प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में सितंबर का पहला सप्ताह सूखा रहेगा। अभी कोई सिस्टम नहीं बन रहा है। उमस के कारण लोकल गतिविधियां सक्रिय हो सकती हैं। ऐसे में बारिश तो हो सकती है, लेकिन झड़ी नहीं लगेगी। अभी तक की स्थिति में 8 सितंबर के बाद नया सिस्टम बनने के आसार बने हुए हैं। ऐसे में सितंबर का दूसरा सप्ताह बारिश के लिए अच्छा हो सकता है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है।
7 से 8 सितंबर तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। रात और दिन में उमस बढ़ने से लोकल सिस्टम तैयार होगा, जो शनिवार दोपहर बाद बारिश कराएगा। ऐसे में शाम तक भोपाल, इंदौर, बड़वानी समेत कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। ज्यादा उमस होने पर कहीं-कहीं तो एक घंटे में 5 इंच तक पानी गिर सकता है।
इंदौर बेल्ट में अच्छी बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक इंदौर, बड़वानी, खरगोन और खंडवा में नमी होने से दो दिन से अच्छी बारिश हुई। यहां पर अभी भी इसी तरह की बारिश की संभावना है।

सामान्य से 7 इंच ज्यादा बारिश
प्रदेश में मानसून का सफर आधे से ज्यादा पूरा हो चुका है। पिछले ढाई महीने के दौरान प्रदेश भर में जमकर बारिश हुई। नदी-नाले उफान पर आने से कई जगह मकान-दुकान और खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हुई तो इंसानों के साथ जानवरों की भी जान पर बन आई। प्रदेश में अब तक करीब 39 इंच बारिश हो चुकी है, यह सामान्य से 7 इंच यानी 21 प्रतिशत ज्यादा है। बीते तीन दिनों के दौरान मौसम ने फिर करवट बदली है। मौसम में उमस होने से रात और दिन का तापमान बढ़ा है।