AICC President Election : हाईकमान का तीसरा उम्मीदवार कौन होगा, दिग्विजय या खड़गे!

दिग्विजय पीछे हटेंगे या चुनाव लड़ेंगे, अभी इस पर संशय बरकरार

745

AICC President Election : हाईकमान का तीसरा उम्मीदवार कौन होगा, दिग्विजय या खड़गे!

New Delhi : AICC अध्यक्ष पद का चुनाव किस किसके बीच होगा, आज दोपहर तक ये तस्वीर साफ हो जाएगी। शशि थरूर और दिग्विजय सिंह की दावेदारी के बीच मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सामने आने से गणित थोड़ा उलझता नजर आ रहा है। क्योंकि, दिग्विजय सिंह और खड़गे दोनों को हाईकमान के नजदीक माना जाता है। खड़गे का नाम सामने आने के बावजूद अभी दिग्विजय सिंह ने पीछे हटने के कोई संकेत नहीं दिए। पर, समझा जा रहा है कि एन वक्त पर दिग्विजय सिंह पीछे हटकर मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए रास्ता साफ कर सकते हैं।

कांग्रेस पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से अध्यक्ष पद के चुनावों का दावा कर रही है। लेकिन, AICC अध्यक्ष की कुर्सी पर वही बैठेगा, जिसे हाईकमान का समर्थन होगा। मल्लिकार्जुन खड़गे ने पर्चा भरने का ऐलान करने से पहले दिग्विजय सिंह से मुलाकात की।

शशि थरूर ने कहा कि दिग्विजय सिंह के विचारों से मेरे विचार मेल खाते हैं, हम पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं। कोई लड़ाई नहीं, ये एक फ्रैंडली कॉन्टेस्ट होगा। जहां तक मल्लिकार्जुन जी की बात है तो वे बेहद सम्मानित साथी हैं। जितने ज्यादा लोग चुनाव में उतरेंगे, कांग्रेस उतनी ही बेहतर होगी।

आज दोपहर 3 बजे तक पर्चे भरे जाएंगे। गांधी परिवार के सपोर्ट वाला उम्मीदवार आखिरी वक्त में पर्चा दाखिल करेगा। अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार अपना उम्मीदवार तय कर चुका है, कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने उस उम्मीदवार के लिए नॉमिनेशन फॉर्म पहले से ही खरीद रखा है। लेकिन, अभी उस नाम की घोषणा नहीं की गई।

 

G-23 में गहलोत-तिवारी चर्चा में

राजस्थान के एपीसोड पर गहलोत ने गुरुवार को सोनिया गांधी से मुलाकात कर माफी मांगी। कहा कि अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन, गुरुवार देर रात वे जी-23 से जुड़े नेता आनंद शर्मा और मुकुल वासनिक से भी मिले। इसके बाद फिर से उनका नाम अध्यक्ष पद चुनाव के लिए चर्चा में आ गया है। कांग्रेस की एक लॉबी अभी भी गहलोत का नाम बढ़ा रही है। हालांकि, इस बैठक के बाद मनीष तिवारी का नाम भी दावेदारों में चल रहा है। पर सारी स्थिति 3 बजे के बाद ही स्पष्ट होगी।