Fake Platelets : प्लेटलेट्स की जगह मौसंबी का रस बेचने वाला गिरोह पकड़ाया!

18 पाउच नकली प्लेटलेट्स और कई रैपर्स बरामद!

1425

Fake Platelets : प्लेटलेट्स की जगह मौसंबी का रस बेचने वाला गिरोह पकड़ाया!

Prayagraj (UP) पुलिस ने नकली प्लेटलेट्स बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस गिरोह के सरगना समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 18 पाउच प्लेटलेट्स और कई नकली रैपर्स बरामद किए। तीन दिन पहले यहां के ग्लोबल हॉस्पिटल में एक डेंगू मरीज को प्लेट्लेट्स के बदले मौसंबी का रस चढ़ा दिया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद ही पुलिस सक्रिय हुई और इस गिरोह को पकड़ा।

 

इनके कब्जे से 18 पाउच प्लाज्मा, तीन पाउच नकली प्लेटलेट व 1.02 लाख नकद समेत अन्य सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए लोगों में तीन मिर्जापुर, एक देवरिया और बाकी प्रयागराज के हैं।

इस गिरोह का सरगना राघवेंद्र सिंह उर्फ राहुल पटेल है। वो अन्य लोगों को साथ लेकर काम करता था। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया है कि वे ब्लड बैंक से प्लाज्मा खरीदते हैं। एक पाउच में लगभग 350 एमएल प्लाज्मा रहता है। इसके बाद खाली पाउच में 50- 50 एमएल प्लाज्मा रखकर इसे प्लेटलेट्स बताकर तीन से पांच हजार रुपए में बेच देते हैं। गिरोह का सरगना राघवेंद्र सिंह है। वह मूल रूप से कोरांव का रहने वाला है और वर्तमान में नैनी में रहता है। गिरोह के सदस्यों को अलग-अलग काम सौंपा गया था। कुछ प्लाज्मा लाने का काम करते थे तो अन्य मरीज व तीमारदारों को खोजने का काम करते हैं।

गिरफ्तार लोगों से करीब 1 लाख रुपये नकद, तीन बाइक और 13 मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्त ब्लड बैंक के आसपास रहते थे। जरूरतमंद लोगों को झांसे में लेकर उनसे 5 से 8 हजार रुपये में प्लेटलेट्स देने की बात कहकर उन्हें नक़ली प्लेटलेट्स उपलब्ध कराते थे। जिसमें धूमनगंज के ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती एक डेंगू मरीज की मौत के बाद प्रशासनिक महकमे ने जांच पड़ताल शुरू की।

इस आधार पर 10 को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सरफराज नाम के एक निजी लैब संचालक की भूमिका सरगना के तौर पर सामने आई है। यह गिरोह डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच ही नकली प्लेटलेट्स तैयार कर मरीजों के तीमारदारों को उपलब्ध कराने के एवज में हजारों की वसूली कर रहा था।

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम ने इस बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस टीम गिरफ्तार अभियुक्तों से अभी भी पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एनएसए के साथ ही गैंगस्टर के तहत भी मामले दर्ज करके सख्त संदेश दिया जाएगा।

अस्पताल के खिलाफ मामला दर्ज

डेंगू मरीज प्रदीप पांडेय की मौत मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में धूमनगंज के ग्लोबल हॉस्पिटल के प्रबंधन और डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, आगे साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।