अच्छी पहल- नवरात्रि के नौ दिन बेटियां संभालेंगी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी

117

अच्छी पहल- नवरात्रि के नौ दिन बेटियां संभालेंगी जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी

भिण्ड से परानिधेश भारद्वाज की रिपोर्ट

भिंड जिले की जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने एक नई पहल करते हुए हिंदू नव वर्ष के अवसर पर चैत्र नवरात्रि के 9 दिन छात्राओं को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने का फैसला लिया है। इसके बाद नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को जिठासों गांव की रहने वाली कक्षा सातवीं की छात्रा मानवी गुर्जर ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। इस दौरान मानवी ने शिक्षा विभाग की समीक्षा भी की। जिला पंचायत अध्यक्ष की इस पहल की सभी सराहना कर रहे हैं।

दरअसल भारत में बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा दिया जा रहा है। साथ ही आरक्षण देकर शासन प्रशासन में महिलाओं की सहभागिता को भी बढ़ाया जा रहा है। लेकिन कई बार देखने मे आया है कि महिला जनप्रतिनिधियों की जगह उनके घर के पुरुष ही सत्ता संभालते हैं।

ऐसे में भिण्ड जिले की महिला जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने एक नई पहल करते हुए हिंदू नव संवत्सर 2083 के अवसर पर चैत्र नवरात्रि के दौरान बेटियों को जिला पंचायत के अध्यक्ष पद की कुर्सी सौंपने का फैसला किया और इसी कड़ी मैं कक्षा सातवीं की छात्रा मानवी गुर्जर ने नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर कार्यवाही की। इससे पहले मानवी जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी में ही सवार होकर जिला पंचायत पहुंची।

WhatsApp Image 2026 03 20 at 16.30.53

इस दौरान उनके साथ अध्यक्ष का सरकारी गनमैन भी मौजूद रहा। जबकि जिला पंचायत में जिला पंचायत परियोजना समन्वयक नितिन दुबे ने अन्य कर्मचारियों के साथ मानवी का स्वागत किया। मानवी ने सबसे पहले अध्यक्ष कक्ष में मौजूद भगवान को माथा टेका और फिर कुर्सी पर बैठीं। इस पहल के पीछे जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने कहा कि महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए अभी भी काफी कुछ किया जाना बाकी है।

ऐसे में छात्राओं के अंदर नेतृत्व क्षमता का विकास, प्रशासनिक समझ बढ़ाना और जिम्मेदारी का अहसास कराने इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। वहीं अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठी छात्रा मानवी ने कहा कि अध्यक्ष महोदय की यह पहल काफी सराहनीय है, अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर उन्हें काफी अच्छा लगा और उन्हें काफी कुछ सीखने को मिला।

हालांकि बेटियों को प्रतीक के तौर पर ही अध्यक्ष बनाया गया है क्यों कि सारी फाइल्स पर साइन वर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष के ही होंगे। लेकिन बैठक आदि को बेटियां ही लीड करेंगीं।

देखिए वीडियो: क्या कह रही हैं, कामना सिंह भदौरिया, (अध्यक्ष, जिला पंचायत भिण्ड)-