

महाकाल मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने मारी टक्कर, दो बच्चों की मौत, 9 घायल
शाजापुर: शाजापुर जिले के नैनावद में सोमवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। उज्जैन जिले की तराना तहसील के गांव बंजारी के श्रद्धालु महाकाल मंदिर के दर्शन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। सभी श्रद्धालु आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नैनावद के महाकाल मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी लखुंदर पुलिया के पास हादसा हो गया। तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रॉली को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही दो बच्चों- भविष्य (10) और अकिला (8), पिता सकाराम की मौत हो गई। दोनों भाई-बहन थे और दादी सीता बाई के साथ दर्शन करने आए थे। हादसे में सीता बाई समेत 9 श्रद्धालु घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों के नाम इस प्रकार हैं:
1. माधु सिंह पिता भेरू सिंह
2. आशा पति राजेश
3. मोहन बाई पति ईश्वर
4. सपना बाई पति जीवन सिंह
5. संगीता बाई पति अर्जुन
6. नीरज पिता ईश्वर सिंह
7. विधा पिता रविंद्र
8. अनीता पति भगवान सिंह
9. सीता बाई पति शिवलाल
मृतक और घायल सभी श्रद्धालु उज्जैन जिले की तराना तहसील के गांव बंजारी के रहने वाले हैं। बच्चों के दादा शंकरलाल ने बताया कि सावन का पहला सोमवार होने के कारण वे सभी दर्शन करने गए थे। अकिला और भविष्य अपने पिता सकाराम के नहीं होने पर दादी सीता बाई के साथ आए थे। किसी को क्या मालूम था कि ये दर्शन उनके जीवन के अंतिम होंगे। दादी सीता बाई भी हादसे में घायल हैं। शंकरलाल ने भावुक होकर कहा, “मेरे पोता-पोती मेरे साथ दर्शन करने आए थे। भगवान ने ऐसे दर्शन कराए कि हमेशा के लिए छोड़ गए।”
घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।