घरेलू विवाद बना मासूम की मौत का कारण, पिता के वार से 4 वर्षीय बच्चे की गई जान

शराब के नशे में उठी लाठी ने बुझा दी मासूम जिंदगी, दो दिन में आरोपी पिता गिरफ्तार..

148

घरेलू विवाद बना मासूम की मौत का कारण, पिता के वार से 4 वर्षीय बच्चे की गई जान

छतरपुर: छतरपुर जिले में घरेलू रंजिश और नशे में हुई मारपीट एक मासूम की जिंदगी पर भारी पड़ गई। बड़ा मलहरा अनुभाग के थाना बमनौरा अंतर्गत चौकी रामटोरिया के ग्राम ढाड़ोरा में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति की लाठी का वार अपने ही चार वर्षीय बेटे की मौत का कारण बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखन सिंह पिता शगुन सिंह ने घरेलू विवाद के दौरान नशे की हालत में मारपीट करते हुए लाठी से प्रहार कर दिया जिसकी चपेट में आकर यीशु उर्फ यशवंत (उम्र 4 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा बच्चे को तत्काल इलाज के लिए सागर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया।
भोपाल में उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के निर्देशन में थाना बमनौरा प्रभारी शिशिर तिवारी तथा रामटोरिया चौकी प्रभारी दौलत सिंह ने पुलिस टीम के साथ त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस ने गंभीरता से जांच करते हुए धारा 302 के आरोपी लखन सिंह को मात्र दो दिनों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में आरक्षक गजराज सिंह,घोष एवं रवि यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।
रामटौरिया चौकी प्रभारी दौलत सिंह के मुताबिक आरोपी की भाभी चंदा घोषी की रिपोर्ट पर BNS की धारा- 296 (B), 115 (2), 351 (2), 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर आज रविवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

*-यह थे आरोप..*

आरोप हैं कि 25 वर्षीय लखन घोषी ने अपनी पत्नी 24 वर्षीय सहोदर और अपने 4 साल के बेटे यशवंत (यीशू) पर लाठी से हमला किया था। जिसमें उसकी पत्नी और बेटा घायल हुआ था। बेटे की हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया था भोपाल में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जिस पर बेटे की मौत पर बेटे की हत्या के मामले में आरोपी की भाभी चंदा घोषी, पति सरदार सिंह घोषी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

*-इलाज के दौरान भोपाल में मौत..*
जानकारी के मुताबिक घटना 25 मार्च 2025 की है। घटना के बाद परिजन घायल बच्चे और उनकी माँ को बमनोर अस्पताल ले गये। जहां से डॉक्टर ने उन्हें टीकमगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया था। परिजन घायलों को टीकमगढ़ जिला अस्पताल न ले जाकर सीधे सागर मेडिकल ले गये। जहां चार-पांच दिन भर्ती रहने के बाद बच्चे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे भोपाल रेफर कर दिया था, जहां भोपाल में इलाज के दौरान 1 अप्रैल को बच्चे की मौत हो गई। वहीं आज 5 अप्रैल को राम टोरिया चौकी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। मामले में पुलिस जांच और अग्रिम कार्रवाई जारी है।