पेट्रोल पंप पर पूर्व कर्मचारी नकली नोट थमा गया, प्रकरण दर्ज

993

पेट्रोल पंप पर पूर्व कर्मचारी नकली नोट थमा गया, प्रकरण दर्ज

राणापुर से कमलेश नाहर की रिपोर्ट

राणापुर: नगर के एक पेट्रोल पंप पर एक युवक 100 के नकली नोट देकर असली ले गया। सीसीटीवी फुटेज से युवक की पहचान हो जाने के बाद पंप संचालक ने युवक के खिलाफ पुलिस में प्रकरण दर्ज कराया है।

प्राप्त जानकारी अनुसार अजय पवन गाहरी ने बताया कि वह अपने बड़े पापा अंबालाल गाहरी के कष्टभंजन एसार पेट्रोल पम्प का संचालन करता है। 20 जनवरी को वह और विजय गाहरी, संजय चौधरी, विमांशु बंदवार रोज की तरह अपने पेट्रोल पंप पर दिन भर का कलेक्शन गिनकर हिसाब कर रहे थे। तब नोट गिनते समय उसके हाथ में 100-100 रुपये के 5 नोट आये तो वो नोट नकली जैसे लगे। तब उसने नोट विजय को भी गिनने को बोला तो उसे भी नोटों के कागज अलग लगे।

अजय ने बताया कि उन पाँच नोटों में से दो नोटों के सीरियल नम्बर एक ही जैसे थे। जिससे पता चला कि वह पाँचों नोट नकली हैं तब हमने हमारे पेट्रोल पम्प पर काम करने वाले अमरसिंह वास्कले से पूछा तो उसने बताया कि पेट्रोल पम्प पर पहले काम करने वाला नंद‌किशोर पिता शंकर नायक निवासी ग्राम छायनसेमलखेड़ी शाम 8/30 बजे आया था तो वह 100-100 रुपये के 5 नोट देकर 500 रुपये का एक नोट लेकर गया है। पेट्रोल पम्प के सीसीटीवी फुटेज में देखा जिसमें नंदकिशोर अमरसिंह को पैसा देते हुए दिख रहा था। जब नंदकिशोर को फोन कर पूछा गया तब उसने बताया कि उसी ने पेट्रोल पम्प पर नकली नोट चलाए थे। नंदकिशोर ने कहा कि मैं बाहर हूँ आकर पूरी बात बताता हूँ। आज तक नंदकिशोर नहीं आया। तब अजय ने बड़े पापा के लड़के विजय गाहरी के साथ 100-100 रुपये के पाँच नकली नोट जिसके सीरियल नम्बर 6TT621004, 6TT621004, 6TT621358, 6TT621008, 6TT621347 है, लेकर पुलिस में रिपोर्ट करवा दी।

पेट्रोल पंप संचालक ने नकली नोट देने वाले युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया है। जांच शुरु कर दी है-दिनेश रावत टीआई पुलिस थाना राणापुर