
मासूम छात्राओं से अश्लीलता करने वाला शासकीय शिक्षक गिरफ्तार, उग्र भीड़ ने की धुनाई
बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के निवाली स्थित एक शासकीय विद्यालय में मासूम बच्चियों के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक शासकीय शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान 42 वर्षीय इमरान शेख के रूप में हुई है। घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
निवाली थाना प्रभारी आर.के. लोवंशी ने बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली 11 और 12 वर्ष की दो छात्राओं ने शिक्षक के विरुद्ध गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। बच्चियों ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि शिक्षक इमरान शेख पिछले करीब 3 महीने से उन्हें ‘बैड टच’ कर रहा था। आरोपी मोबाइल के माध्यम से छात्राओं की फोटो को ज़ूम करके खींचता था और उन्हें डराता-धमकाता भी था।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी ने अन्य बच्चियों के साथ भी इसी तरह की हरकतें की हैं, हालांकि डर के कारण फिलहाल अन्य छात्राएं पुलिस के सामने नहीं आई हैं।
जैसे ही यह खबर स्थानीय नागरिकों और एक संगठन के कार्यकर्ताओं तक पहुँची, स्कूल परिसर और थाना क्षेत्र में भारी हंगामा शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने आरोपी शिक्षक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने बड़ी मुश्किल से शिक्षक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में लिया।
पुलिस ने छात्राओं की शिकायत और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी शिक्षक इमरान शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अश्लील हरकत संबंधी धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। परिजनों का कहना है कि बच्चियां पिछले कई महीनों से सहमी हुई थीं, लेकिन लोक-लाज और डर के कारण कुछ बोल नहीं पा रही थीं।





