बड़वानी में नवजात के लिए बड़ी पहल: अब अस्पताल से ही मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र, एक ही जगह होंगी सभी सुविधाएं

46

बड़वानी में नवजात के लिए बड़ी पहल: अब अस्पताल से ही मिलेगा जन्म प्रमाण पत्र, एक ही जगह होंगी सभी सुविधाएं

बड़वानी: मप्र के बड़वानी जिले में नागरिक सुविधाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल की है। अब सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों के माता-पिता को जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेज सीधे अस्पताल से ही उपलब्ध कराए जाएंगे।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए कलेक्टर जयति सिंह ने बताया कि अब तक बच्चे के जन्म के बाद माता-पिता को जन्म प्रमाण पत्र के लिए नगर पालिका या ग्राम पंचायत के चक्कर लगाने पड़ते थे। इस प्रक्रिया में समय की बर्बादी के साथ-साथ अनावश्यक परेशानियां भी होती थीं। नई व्यवस्था के तहत अब जन्म से संबंधित सभी औपचारिकताएं अस्पताल में ही पूरी की जाएंगी और मां के डिस्चार्ज होने से पहले जन्म प्रमाण पत्र सौंप दिया जाएगा।

IMG 20260121 WA0108

कलेक्टर ने बताया कि यह व्यवस्था केवल जन्म प्रमाण पत्र तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे “वन स्टॉप विंडो” के रूप में विकसित किया गया है। इसके तहत नवजात का समग्र आईडी निर्माण, आधार कार्ड के लिए आवेदन, बैंक खाता खोलने में सहायता जैसी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं बालिका के जन्म पर सुकन्या समृद्धि योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना जैसी शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से स्वतः जोड़ने की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।

IMG 20260121 WA0106

उन्होंने बताया कि जारी किए गए सभी प्रमाण पत्र डिजिलॉकर के माध्यम से सुरक्षित रूप से संग्रहित किए जाएंगे, ताकि भविष्य में स्कूल प्रवेश, आंगनवाड़ी या अन्य शासकीय कार्यों में माता-पिता को बार-बार दस्तावेजों के लिए भटकना न पड़े।

कलेक्टर जयति सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी मां को बिना जन्म प्रमाण पत्र दिए अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं किया जाएगा। फिलहाल यह व्यवस्था जिला अस्पताल में लागू की जा रही है, जिसे चरणबद्ध तरीके से जिले के अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों तक विस्तारित किया जाएगा।

IMG 20260121 WA0109

उन्होंने बताया कि यह पहल ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत सुशासन और पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की जा रही है, जो 31 मार्च तक तीन चरणों में संचालित होगा। यह कदम प्रशासन की संवेदनशीलता और नागरिक हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसके पूर्व बड़वानी जिले में आरंभ किया गया ग्रीन कमांडो मिशन भी चर्चा में आया था। बड़वानी ग्रीन कमांडो मिशन मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को दुर्गम पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए चलाया गया एक अभियान है, जिसमें स्वास्थ्य कार्यकर्ता पैदल चलकर, पहाड़ों और नदियों को पार करते हुए घर-घर जाकर छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, जांच और स्वास्थ्य परीक्षण करते हैं।