
सड़क पर युवक को आया साइलेंट अटैक, अभिषेक कुशवाहा ने CPR देकर बचाई जान,तत्परता और समझदारी की हो रही सराहना
छतरपुर। शहर सिटी कोतवाली थाने के बगल में स्थित बालाजी मंदिर के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक को अचानक साइलेंट अटैक आ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मंदिर के पास से गुजर रहा था, तभी उसे अचानक चक्कर आया और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। कुछ देर के लिए वहां भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान मौजूद अभिषेक कुशवाहा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत युवक की नब्ज जांची और उसे CPR देना शुरू किया।
करीब कुछ मिनट तक लगातार CPR देने के बाद युवक की सांसें सामान्य होने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस की सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है।
डॉक्टरों का कहना है कि साइलेंट अटैक के मामलों में तुरंत CPR मिलना बेहद जरूरी होता है। समय पर मदद न मिलने पर स्थिति जानलेवा हो सकती थी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने अभिषेक कुशवाहा की सराहना की। उनकी तत्परता और समझदारी से एक युवक की जान बच सकी।
वहीं चिकित्सकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे CPR की बुनियादी जानकारी जरूर रखें, ताकि आपात स्थिति में किसी की जिंदगी बचाई जा सके।
*-राहगीर प्रत्यक्षदर्शी बोला..*
आज छतरपुर के, महल रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास एक व्यक्ति को अचानक साइलेंट अटैक आ गया।
मैं पीछे से रास्ते से आ ही रहा था कि यह अंकल जी अचानक रोड पर गिर पड़े। मैंने तुरंत अपनी गाड़ी रास्ते पर खड़ी करके इन चाचा जी को लगभग 5 मिनट तक सीपीआर दिया।
लोग चारों तरफ इकट्ठा हो गए थे लेकिन मदद कोई नहीं कर रहा था। तभी मैंने एक भैया (गोलू सोनी) से कहा कि आप वीडियो बना लो ताकि कोई प्रॉब्लम ना हो जाए।
इसी को देखते एक भैया और आ गए वहीं के, जिनका मुझे नाम तो नहीं पता, अभी है मेरी पूरी हेल्प की, और चाचा जी लगभग 5 मिनट बाद सही हो गए। फिर चाचा जी को उनके परिजनों के हवाले कर दिया।
मेरी आप लोगों से विनती है कि यदि रास्ते में कोई भी परेशानी में हो तो बिना कुछ सोच सीपीआर देना चाहिए। क्योंकि एक व्यक्ति की जान की बहुत बड़ी कीमत होती है जो कभी किसी भी चीज से नहीं नहीं चुकाई जा सकती है।





