ACB Trap: 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया सब इंजीनियर 

333

ACB Trap: 30 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ाया सब इंजीनियर

सुकमा। रिश्वतखोरी के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की लगातार कार्रवाई जारी है। ACB की टीम ने सुकमा के छिंदगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में छिंदगढ़ स्थित सब इंजीनियर प्रदीप बघेल के घर दबिश दी और उसे 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। मौके से रकम, दस्तावेज और मोबाइल जब्त किया गया।

इस कार्रवाई से इलाके में अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक हड़कंप मच गया है।

IMG 20251118 WA0021

जानकारी के मुताबिक, ACB जगदलपुर की टीम कल दोपहर करीब डेढ़ बजे छिंदगढ़ मुख्यालय में आरईएस कॉलोनी स्थित सब इंजीनियर प्रदीप बघेल के सरकारी क्वार्टर पहुंची। सब इंजीनियर बघेल एक कार्य का भुगतान करने के एवज में रिश्वत की रकम मांग रहे थे। शिकायत की पुष्टि होने पर टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

बताया जा रहा है सब इंजीनियर छिंदगढ़ ब्लॉक के चियूरवाडा पंचायत में पुलिया निर्माण से संबंधित भुगतान के लिए 5 परसेंट की रिश्वत मांग रहे थे। इसे लेकर संबंधित चिउड़वाड़ा पंचायत सचिव लंबे समय से सब इंजीनियर प्रदीप बघेल के चक्कर काट रहे थे। सब इंजीनियर ने बिना पैसे लिए चेक काटने से मना कर दिया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने तय राशि सब इंजीनियर बघेल को देने के लिए हाथ बढ़ाया, रकम हाथ में लेते ही बघेल को एसीबी की टीम ने धर दबोचा।

सब इंजीनियर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।