Action After Stone Pelting Incident : झाबुआ में पथराव की घटना के बाद 32 पर नामजद मुकदमा, 6 का जिलाबदर होगा!

वीडियो देखकर पहचान की, 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए! एसडीओपी रूपरेखा यादव की प्रेस कांफ्रेंस का वीडियो

411

Action After Stone Pelting Incident : झाबुआ में पथराव की घटना के बाद 32 पर नामजद मुकदमा, 6 का जिलाबदर होगा!

Jhabua : बुधवार को झाबुआ में इंदौर-अहमदाबाद मार्ग पर डीजे संचालकों ने उन पर प्रशासन द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के खिलाफ चक्का जाम किया था। जब पुलिस उन्हें हटाने पहुंची, तो पत्थरबाजी की गई, जिसमें कुछ पुलिस वाले घायल भी हुए। पुलिस वाहनों को भी पत्थरबाज़ी से नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने इस घटना पर कार्रवाई करते हुए 32 लोगों के खिलाफ नामजद और 150 अज्ञात लोगों पर मामले दर्ज किए। इनमें से 6 लोगों के पूर्व में आपराधिक मामले पाए गए। उनके खिलाफ कलेक्टर को जिलाबदर की कार्रवाई के लिए लिखा गया है।

एसडीओपी रूपरेखा यादव ने इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कल की पत्थरबाजी की घटना के संबंध में कार्रवाई करते हुए 32 लोगों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जबकि, 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कायमी की गई। इस मामले में कार्रवाई को और सख्त करते हुए 6 लोगों के खिलाफ जिला बदर की अनुशंसा की गई।

उन्होंने घटना की जानकारी दी और बताया कि पुलिस की कोशिश है कि कानून व्यवस्था को बनाए रखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अभी मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। स्थानीय लोगों से भी अपेक्षित सहयोग की अपील की गई है ताकि शांति स्थापित की जा सके।

उन्होंने कहा कि लोगों का भी कहना है कि वे डीजे के खिलाफ है। साथ ही मैरिज गार्डन में तेज आवाज में संगीत बजाने पर भी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों को समझाइश भी दी जा रही। उन्होंने बताया कि कल की घटना में पुलिस को जो वीडियो मिले उसके जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। एसडीओपी ने बताया कि भविष्य में ऐसी कोई घटना फिर न हो, इसके लिए भी कार्रवाई की जा रही है।