
कर्तव्यों में लापरवाही पर 5 बी.एल.ओ. के खिलाफ कार्रवाई
खण्डवा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार से की गई। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं, ताकि नई प्रविष्टियों, विलोपनों और सुधारों का कार्य सटीक रूप से संपन्न हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस कार्य में लापरवाही बरतने पर जिले के 5 बी.एल.ओ. के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील है और इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिन अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनमें- पिंकी सावनेर (आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, तलवड़िया),अन्नपूर्णा चाकरे (प्राथमिक शिक्षक), विजय घाटोले (राजस्व निरीक्षक, नगर निगम), प्रज्ञा तिरोले (आशा कार्यकर्ता) तथा संगीता मोरे (प्राथमिक शिक्षक, तीरंदाजपुर) शामिल हैं।
श्री गुप्ता ने बताया कि कारण बताओ नोटिस के साथ-साथ इन पांचों कर्मचारियों का वेतन रोके जाने की कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करना होगा।





