
अवैध खनन पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, झाबुआ में दो दिन में 9 प्रकरण दर्ज, 8 वाहन जप्त
▪️कमलेश नाहर▪️
झाबुआ। जिले में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए निर्णायक कार्रवाई की है। कलेक्टर नेहा मीना के स्पष्ट निर्देशों के बाद खनिज विभाग ने मैदान में उतरकर दो दिन के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए न केवल प्रकरण दर्ज किए, बल्कि नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले वाहनों को भी जप्त किया है। यह कार्रवाई जिले में खनिज माफिया और अवैध कारोबारियों के लिए कड़ा संदेश मानी जा रही है।
▪️दो दिन में 9 प्रकरण, खनिज माफिया में हड़कंप
▫️खनिज अधिकारी जुवानसिंह भिड़े के नेतृत्व में खनिज अमले ने मध्य प्रदेश खनिज अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण नियम 2022 के तहत 17 और 18 दिसंबर को व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान कुल 9 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।

▪️रतनपुरा में अवैध उत्खनन पकड़ा गया
▫️17 दिसंबर को तहसील झाबुआ के ग्राम रतनपुरा में खनिज मुरूम के अवैध उत्खनन का एक प्रकरण सामने आया। मौके पर की गई जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया गया। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

▪️रात के अंधेरे में अवैध परिवहन पर शिकंजा
▫️17 और 18 दिसंबर की रात को खनिज विभाग की टीम ने बिना अभिवहन पारपत्र और निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज लेकर चल रहे वाहनों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की। इस दौरान 8 वाहनों को जप्त किया गया, जिनमें गिट्टी और रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। जप्त किए गए वाहनों में RJ03GA5767, GJ20Z5595, GJ20X9951, GJ20X7377, GJ20X2813, MP13H4266 डंपर, MP11ZK5369 ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक स्वराज बिना नंबर ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं।
▪️प्रशासन का स्पष्ट संदेश
▫️कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशों के तहत की गई यह कार्रवाई यह साफ संकेत देती है कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में निगरानी और तेज की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





