
इंदौर के बाद अब छतरपुर के हॉस्पिटल में चूहों का आतंक, नवजात को आंचल में छिपा कर रखती है मां!
अस्पताल के बच्चा और प्रसूति वार्ड में चूहों के आंतक से दहशत में लोग, परिजन पूरी रात चूहा भगाने के लिए जगते….
राजेश चौरसिया की रिपोर्ट
छतरपुर: मध्य प्रदेश के सरकारी अस्पताल अब चूहों का डेरा बनता जा रहा है। इंदौर के बाद अब छतरपुर के जिला अस्पताल में भी मरीज चूहों के आतंक से परेशान हैं। अपने नवजातों को लेकर प्रसूता चिंतित हैं। उन्हें इंदौर जैसी घटना का डर सता रहा है। मां अपने नवजात को रातभर आंचल में छिपा कर सो रही हैं। वहीं, पूरी रात परिवार का कोई सदस्य चूहों को भगाने के लिए जागता रहता है।
●दवा रखने की अलमारी में चूहे..
हाल ही में इंदौर अस्पताल में हुई घटना के बाद चूहों के आतंक से लोग दहशत में हैं। वहीं, छतरपुर के जिला अस्पताल में नवजात बच्चों के लिए दवा रखने की अलमारी में चूहों ने बच्चे दे दिए हैं। रविवार को अलमारी में चूहे के छोटे-छोटे बच्चे देखे गए। चूहों के आतंक से डॉक्टर भी परेशान हैं, उन्हें भी अपना काम करने में मुश्किल हो रही है। रिकॉर्ड रूम में रखे कागजातों पर चूहों ने अपना निशाना बना लिया है और उसे कुतरते रहते हैं।
●नवजात को आंचल में छिपा कर रखती है मां..
बच्चा वार्ड और प्रसूति वार्ड में चूहों के आतंक से लोग ज्यादा चिंतित हैं। चूहों की दहशत से मां नवजात को आंचल में छिपाए रखती हैं। हॉस्पिटल में हुई डिलीवरी के बाद नवजात के परिजन राजू राजा बताते हैं कि “इंदौर की घटना के बाद से हम लोग दहशत में हैं।

छतरपुर के सरकारी हॉस्पिटल में भी चूहों का बहुत आतंक है। नवजात को इन चूहों से बचाकर रखना पड़ता है। पूरी रात घर का कोई न कोई सदस्य जागता रहता है, जो चूहों को भागता है।”
●चूहे पकड़ने का टेंडर होगा जारी..
जानकारी के अनुसार डेढ़ साल पहले छतरपुर जिला अस्पताल प्रबंधन ने डेढ़ लाख रुपए में चूहा भगाने और मारने का ठेका दिया था. ठेका कंपनी द्वारा दवा के छिड़काव से कितने चूहे भागे या मारे गए इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। हालांकि अब ठेके की अवधि समाप्त हो चुकी है, लेकिन सिविल सर्जन फिर से चूहों को पकड़ने और भगाने के लिए टेंडर जारी करने वाले हैं।
●लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई..
सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि “कुछ वार्ड से चूहों द्वारा परेशान किए जाने की खबर आई है। हम इस पर कार्रवाई कर रहे हैं। हमने कंपनी को ऑर्डर कर दिया है, कल से ही चूहे भगाने का काम किया जाएगा। साफ-सफाई को लेकर जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।




