2 घटनाओं को लेकर आगरा- मुंबई नेशनल हाइवे 6 घंटे के लिए ब्लॉक

202

2 घटनाओं को लेकर आगरा- मुंबई नेशनल हाइवे 6 घंटे के लिए ब्लॉक

बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया और नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई दो घटनाओं के चलते आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग 6 घण्टों के लिए बाधित रहा। दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किए हैं। इन मामलों में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

IMG 20251025 WA0021

बड़वानी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने बताया कि गुरुवार शुक्रवार की मध्यरात्रि जुलवानिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रॉन्ग साइड से जा रहे दो दो पहिया वाहन सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना के चलते गवला निवासी 19 वर्षीय सूरज तोमर की मृत्यु हो गई और उसके साथ बैठा संदीप तोमर बुरी तरह से घायल हो गया। उसे पहले बड़वानी और उसके बाद इंदौर रेफर किया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सर्विस रोड की मांग करते हुए कल सबेरे 10 बजे से दोपहर 2:00 तक नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। उन्होंने बताया कि पहले एक तरफ की दो लाइन जाम थी, उसके बाद पूरे फोरलेन को जाम कर दिया गया जिसके चलते दोनों तरफ सैकड़ो वाहन खड़े हो गए।

मौके पर उपस्थित भाजपा नेता वीरेंद्र सिंह दरबार ने कहा कि सर्विस रोड के अभाव में विगत 20 वर्षों में 50 से अधिक मौतें हो चुकी है। उन्होंने कहा कि NHAI अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाना चाहिए।

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड बनाए जाने के आश्वासन के बाद चक्का जाम समाप्त हुआ। उन्होंने बताया कि नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करने के मामले में प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

इसी तरह सेंधवा के एसडीओपी अजय वाघमारे ने बताया कि नागलवाड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालसमुद स्थित पुराने एकीकृत बैरियर पर चालान बनाए जाने को लेकर विवाद हो गया। परिवहन विभाग के आरक्षक से बहस के बाद झूमा झटकी हुई और उसकी एक ट्रक ड्राइवर और अन्य ने पिटाई कर दी। इसके बाद ट्रक ड्राइवर और उसके साथियों ने आरक्षक पर कार्रवाई की मांग करते हुए आगरा मुंबई नेशनल हाईवे पर अपने ट्रक को खड़ा कर चक्का जाम कर दिया। उन्होंने बताया कि यह चक्का जाम पूरे आगरा मुंबई नेशनल हाईवे फोरलेन पर करीब 2 घंटे तक चला। उन्होंने बताया कि आरक्षक नन्द किशोर महाजन की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

इसके अलावा नेशनल हाईवे पर चक्का जाम करने के मामले में भी ट्रक चालक व अन्य कई के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।