Amarnath Cloudburst : अमरनाथ यात्रा स्थगित, बादल फटने से 15 की मौत, 60 से ज्यादा लापता

अमरनाथ गुफा के पास और पंचतरणी में 2 से 3 हजार लोगों के फंसे होने की सूचना

554

Amarnath Cloudburst : अमरनाथ यात्रा स्थगित, बादल फटने से 15 की मौत, 60 से ज्यादा लापता

अमरनाथ गुफा के पास और पंचतरणी में 2 से 3 हजार लोगों के फंसे होने की सूचना

Amarnath : अमरनाथ गुफा (Amarnath cave) के पास शुक्रवार शाम को बादल फटने (Cloudburst) के बाद अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। पानी के बहाव से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई घायल हो गए! 60 से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका है। अमरनाथ गुफा के पास और पंचतरणी में दो से तीन हजार लोगों के फंसे होने की सूचना है।
हादसे की वजह से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई। यात्रा को बहाल करने का निर्णय बचाव अभियान पूरा हो जाने के बाद ही लिया जाएगा। यात्रा फिलहाल दोनों रास्तों बालटाल और पहलगाम से बंद है। बीते तीन जून को ही अमरनाथ यात्रा शुरू हुई थी। सोनमर्ग के बालटाल आधार शिविर पहुंचे तीर्थयात्रियों ने बताया कि वहां भगदड़ जैसी स्थिति हो गई! लेकिन, सेना ने बहुत सहयोग किया। कई पंडाल पानी के कारण बह गए।
भारतीय सेना और ITBP के जवान, राहत और बचाव अभियान में जुटे हैं. पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के कर्मी भी बचाव अभियान में लगे हैं। अमरनाथ गुफा के पास और पंचतरणी में दो से तीन हजार लोगों के फंसे होने की सूचना है। जम्मू कश्मीर प्रशासन ने बचाव अभियान के लिए उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर लगाए हैं।

हेल्पलाइन नंबर जारी
जम्मू कश्मीर प्रशासन ने शुक्रवार को अमरनाथ यात्रा के लिए हेल्पलाइन स्थापित की। उपराज्यपाल प्रशासन और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने चार टेलीफोन नंबर जारी किए हैं जिस पर संपर्क कर लोग जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। श्राइन बोर्ड ने ट्वीट किया है। ‘अमरनाथ यात्रा के लिए हेल्पलाइन नंबर: NDRF 011-23438252, 011-23438253, कश्मीर डिविजनल हेल्पलाइन: 0194-2496240, श्राइन बोर्ड हेल्पलाइन: 0194-2313149’

बालटाल से आगे यात्रा बंद
जम्मू से यात्रियों को आगे आने दिया जा रहा है, लेकिन बालटाल से आगे यात्रा बंद है। इस बीच जम्मू बेस कैंप से अमरनाथ तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था रवाना हुआ। यात्रियों ने बताया कि हमें अब यात्रा के लिए आगे जाने दे रहे हैं। सभी तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं, हमें बहुत अच्छा लग रहा है।

स्वास्थ्य सेवा की छुट्टियां कैंसिल
स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, कश्मीर ने कर्मचारियों के सभी अवकाश रद्द कर दिए और उन्हें तुरंत ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए है। सभी अधिकारियों को अपने मोबाइल स्विच ऑन रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि घायलों की सहायता के लिए सोनमार्ग एवं अन्य स्थानों पर अस्थायी अस्पताल बनाए हैं। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग, श्रीनगर और दिल्ली में हेल्पलाइन स्थापित की गई है, ताकि प्रभावित परिवारों की मदद की जा सके। साथ ही संभागीय आयुक्त (कश्मीर) के प्रभार में एक समेकित कमान केंद्र स्थापित किया गया है।