Amazing Case: जमीन से चलाई गोली, आसमान में उड़ते प्लेन को चीरते हुए यात्री को जा लगी

1639

म्यांमार में हैरतअंगेज मामला सामने आया है। दरअसल, जमीन से चलाई गोली आसमान में उड़ रहे एक विमान के पैसेंजर को जा लगी। इससे यात्री घायल हो गया। दरअसल, म्यांमार नेशनल एयरलाइंस का विमान 63 यात्रियों को ले जा रहा था, जो पूर्वी राज्य काया की राजधानी लोइकाव में उतरने वाला था।

हैरान करने वाली तस्वीरों में विमान में गोली का छेद दिखाई दे रहा है और एक पुरुष यात्री खून से लथपथ अपनी सीट पर बैठा है। उसने अपने कानों में टिश्यू लगा रखा है, ताकि खून को रोका जा सके। बताया जा रहा है कि गोली उसके गले के पास लगी थी। विमान के निचले हिस्से में गोली तब लगी, जब वह 3500 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। लोइकाव में म्यांमार नेशनल एयरलाइंस के कार्यालय ने कहा कि शहर के लिए सभी उड़ानें अनिश्चित काल के लिए रद्द कर दी गई हैं। वहीं, म्यांमार की सैन्य सरकार ने विद्रोही बलों पर विमान पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया है। हालांकि विद्रोही समूहों ने आरोपों से इनकार किया।