बिग बॉस में एंट्री कराने के नाम पर इवेंट कंपनी ने डॉक्टर को लगाई 10 लाख की चपत

372
Fraud

बिग बॉस में एंट्री कराने के नाम पर इवेंट कंपनी ने डॉक्टर को लगाई 10 लाख की चपत

भोपाल: भोपाल में चूनाभट्टी इलाके में एक डॉक्टर को बिग बास में एंट्री कराने के नाम पर मुंबई की एक इवेंट कंपनी के डॉयरेक्टर ने दस लाख रुपए की चपत लगा दी। ठगी के शिकार डॉक्टर ने बीग बॉस में इंट्री न होने के बाद जब अपना पैसा वापस मांग तो आरोपी ने इनकार कर दिया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फ्रेंड्स सोसायटी चूना भट्टी निवासी डॉ. अभिनीत गुप्ता(36) त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं। उनकी कोलार रोड पर पॉइजन एंटी एजिंग स्किन नाम से क्लिनिक है। उन्होंने पुलिस को बताया कि अंधेरी वेस्ट मुंबई निवासी करण सिंह उर्फ प्रिंस नाम का व्यक्ति इवेंट कंपनी का डॉयरेक्टर है। उसने अक्टूबर 2022 में उन्हें टीव्ही सीरियल बीग बॉस सीजन में इंट्री कराने की बात कही थी।

उसने उन्हें बैकडोर इंट्री कराने का कहा था। इस पर करण सिंह ने उनसे दस लाख रूपए लिए और आश्वासन दिया था, बीग बॉस के आने वाले सीजन में वह प्रतिभागी होंगे। इसके बाद बीग बॉस के सभी प्रतिभागियों के नामों की घोषणा हो गई, लेकिन डॉक्टर अभिनीत गुप्ता का नाम नहीं आया। इस पर उन्होंने करण सिंह से बात कर पैसा वापस मांगा तो उसने आनाकानी शुरू कर दी। इसके बाद उसने उनका फोन उठाना भी बंद कर दिया। जुलाई 2023 तक उन्होंने पैसा वापस लेने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन आरोपी ने पैसा नहीं लौटाया।

तंग आकर डॉक्टर ने चूनाभट्टी थाना पुलिस में लिखित शिकायत की थी। जिसकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी करण सिंह व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस की एक टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही मुंबई रवाना होगी।