दिवाली पर बोनस नहीं मिलने पर नाराज कर्मचारियों ने टोल प्लाजा के गेट खोले, हजारों गाड़ियां फ्री में निकलीं !

675

दिवाली पर बोनस नहीं मिलने पर नाराज कर्मचारियों ने टोल प्लाजा के गेट खोले,हजारों गाड़ियां फ्री में निकलीं !

दीपावली पर कम बोनस मिलने से नाराज कर्मचारियों ने टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने टोल फ्री कर दिया, जिससे हजारों वाहन बिना शुल्क के गुजर गए। कर्मचारियों में बोनस को लेकर भारी आक्रोश है और उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।

आगरा के फतेहाबाद टोल प्लाजा पर शनिवार रात एक अजीब नजारा देखने को मिला। यहां कर्मचारियों ने दीपावली बोनस नहीं मिलने से नाराज होकर टोल के गेट खोल दिए। इससे करीब 5000 से ज्यादा गाड़ियां बिना टोल दिए निकल गईं।फतेहाबाद टोल प्लाजा की जिम्मेदारी श्री साईं एंड दातार कंपनी के पास है। कंपनी ने मार्च 2025 में ही टोल का ठेका लिया था। इस बार कर्मचारियों को सिर्फ 1100 रुपए बोनस दिया गया। कंपनी का कहना था कि उसने हाल ही में ठेका लिया है,इसलिए पूरे साल का बोनस नहीं दे सकती। लेकिन कर्मचारियों का कहना था कि पिछले साल उन्हें 5000 रुपए का बोनस मिला था, इस बार कंपनी ने उनके साथ धोखा किया है।

 

शनिवार रात करीब 10 बजे नाराज़ कर्मचारी एकजुट हुए और सभी बूम बैरियर (गेट)खोल दिए। उस समय धनतेरस का दिन था, जिससे एक्सप्रेस-वे पर गाड़ियों की संख्या सामान्य दिनों से तीन से चार गुना ज्यादा थी। जब गाड़ियां बिना रुके गुजरने लगीं तो टोल मैनेजर ने कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची। मगर कोई सख्त कार्रवाई नहीं की।

कंपनी ने दूसरे टोल प्लाजा से कुछ कर्मचारियों को बुलाया, लेकिन प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उन्हें काम नहीं करने दिया। आखिरकार वरिष्ठ अफसरों ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों को 10 प्रतिशत वेतन बढ़ाने का आश्वासन दिया। तब जाकर कर्मचारी माने और लगभग दो घंटे बाद टोल वसूली फिर से शुरू हुई।