
बागेश्वर धाम में फिर हादसा: दीवार गिरने से एक की मौत; 9 घायल, 4 गंभीर घायल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज रैफर
राजेश चौरसिया की रिपोर्ट
छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में मंगलवार सुबह करीब 3 बजे ढाबे की दीवार ढह गई। मलबे में दबने से उत्तर प्रदेश निवासी महिला श्रद्धालु की मौत हो गई जबकि 12 घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मृतक महिला की पहचान अनीता देवी खरवार (40) पत्नी राजू के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के अदलहाट गांव की रहने वाली थी। परिजनो ने बताया कि वे धर्मशाला में सो रहे थे, अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर आ गिरी।
बता दें कि 5 दिन पहले भी बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिर गया था। जिससे एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी जबकि भगदड़ में 8 लोग घायल हुए थे।
आज सुबह हुई घटना के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उन्हें हर संभव इलाज दिया जा रहा है।
बताया गया है कि ग्राम गढ़ा में स्थित बागेश्वर धाम में अत्यधिक बारिश होने एवं प्राकृतिक आपदा से अचानक घटित हादसे में उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के घायल होने पर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
सिविल सर्जन ने बताया कि 4 लोगों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज एंबुलेंस के माध्यम रैफर किया गया है। साथ ही 5 लोगों का उपचार किया जा रहा है, जिनकी हालत स्थिर है और 3 लोगों को मामूली चोटे आने पर उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है।
देखिए घायलों की सूची-

साथ ही मिर्जापुर की निवासी एक महिला की दु:खद मृत्यु हो गई है। घटना के तत्काल बाद मौके पर एसडीएम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। साथ ही जिला अस्पताल में घायलों के बेहतर उपचार की जानकारी ली।
जिला प्रशासन के निर्देशन में अत्यधिक बारिश होने पर उत्पन्न होने वाली प्राकृतिक आपदा में फंसे होने से बचाव या सहायता के लिए जिला स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिसका नंबर 07682-245376 है। किसी भी घटना की तत्काल जानकारी एवं सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।





