
Indore Bhagirathpura: इंदौर के भागीरथपुरा में फिर मचा हड़कंप: 6 लोग अस्पताल में, बर्थडे पार्टी के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत
इंदौर: इंदौर में चर्चित दूषित पानी कांड के बाद भागीरथपुरा एक बार फिर चर्चा में है। पहले से ही दूषित पानी की त्रासदी झेल रहे इस क्षेत्र में अब जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए मेहमानों के बीमार होने का बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ शनिवार को एक बच्चे के जन्मदिन की खुशियों के बीच उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर का बना खाना खाने के बाद एक-एक कर 30 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी।
भागीरथपुरा इलाके में एक बर्थडे पार्टी के खाने के बाद कई लोग बीमार हो गए. पार्टी में लगभग 60 से अधिक लोग शामिल थे. देर रात दाल-बाफले खाने के बाद कई लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके कारण छह लोगों को एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती किया गया. मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी ने बताया कि अस्पताल में भर्ती किए गए सभी छह लोग अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और उनकी हालत सामान्य है. उन्होंने साफ किया कि यह घटना नर्मदा के पानी से नहीं, बल्कि बर्थडे पार्टी के खाने से हुई है. घटना की सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खाने के सैंपल लिए. जांच के बाद यह साफ होगा कि खाने में कोई गड़बड़ी या संक्रमण का कारण था या नहीं. विभाग ने स्थानीय लोगों और पार्टी में शामिल अन्य लोगों से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई.
स्वास्थ्य अधिकारी लोगों से अपील.
स्थानीय निवासियों और पार्टी में शामिल लोगों ने बताया कि सभी ने एक समान खाना खाया था और बीमार होने वाले लोगों की संख्या सीमित रही. अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति पर निगरानी रखते हुए सभी प्रभावितों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी है. इस घटना से यह भी साफ हुआ कि सार्वजनिक या बड़े आयोजनों में भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा को सुनिश्चित करना कितना जरूरी है. स्वास्थ्य अधिकारी लोगों से अपील कर रहे हैं कि ऐसे आयोजनों में भोजन का सही स्रोत सुनिश्चित करें और किसी भी तरह का शक होने की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें.
इस बीच, खाद्य विभाग ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो जाएगा कि पार्टी के खाने में कोई दोष था या नहीं और आगे जरूरी कार्रवाई की जाएगी. यह घटना एक चेतावनी के रूप में सामने आई है कि बड़े आयोजनों में भोजन की गुणवत्ता और स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देना कितना जरूरी है, ताकि किसी भी तरह की स्वास्थ्य आपदा से बचा जा सके.




