Appointment Letter : सरकारी नौकरियों में नए भर्ती 75 हज़ार कर्मियों को 22 को नियुक्ति पत्र!

देश के 50 स्थानों पर 38 विभागों के नवनियुक्त कर्मियों को PM संबोधित करेंगे!

734

Appointment Letter : सरकारी नौकरियों में नए भर्ती 75 हज़ार कर्मियों को 22 को नियुक्ति पत्र!

Mumbai : पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद और वडोदरा सहित विभिन्न स्थानों पर नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए चयन प्रक्रिया को सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है। यह कार्यक्रम युवाओं के लिए नौकरी के अवसर प्रदान करने और नागरिक कल्याण सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता प्रदर्शित करता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अक्टूबर की सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 10 लाख कर्मियों के लिए भर्ती अभियान रोजगार मेले का शुभारंभ करेंगे। समारोह के दौरान 75 हज़ार नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री इन नवनियुक्त कर्मियों को संबोधित भी करेंगे। नए भर्ती कर्मी देश के विभिन्न हिस्सों में 50 स्थानों पर मौजूद रहेंगे। इस समारोह का आयोजन विभिन्न मंत्रालयों और विभागों द्वारा किया जाएगा। इस समारोह में प्रत्येक स्थान पर एक केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।

इस संबंध में पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद और वडोदरा में रोजगार मेला समारोह आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार की कपड़ा एवं रेल राज्यमंत्री दर्शना जरदोश अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। इस कार्यक्रम में 155 नए भर्ती हुए कर्मी मौजूद रहेंगे, जिनमें से 94 कर्मी रेलवे से हैं। केंद्रीय संचार राज्यमंत्री देवीसिंह चौहान वडोदरा में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में 116 कर्मी मौजूद होंगे, जिनमें से 50 कर्मी रेलवे के हैं।

नव नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र दोनों स्थानों पर गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रदान किए जाएंगे। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने और नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री के निर्देश पर सभी मंत्रालय और विभाग मिशन मोड में स्वीकृत पदों की मौजूदा रिक्तियों को भरने की दिशा में काम कर रहे हैं।

देशभर से चयनित नए कर्मियों को भारत सरकार के 38 मंत्रालयों और विभागों में नियुक्त किया जाएगा। नवनियुक्त कर्मी विभिन्न स्तरों पर सरकार में शामिल होंगे, जैसे समूह-ए, समूह-बी (राजपत्रित), समूह-बी (अराजपत्रित) और समूह-सी। जिन पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, उनमें केंद्रीय सशस्त्र बल कार्मिक, उप निरीक्षक, कांस्टेबल, एलडीसी, स्टेनो, पीए, आयकर निरीक्षक, एमटीएस तथा अन्य शामिल हैं। ये भर्तियां, मंत्रालयों और विभागों द्वारा मिशन मोड में या तो स्वयं या यूपीएससी, एसएससी, रेलवे भर्ती बोर्ड जैसी भर्ती एजेंसियों के माध्यम से की जा रही हैं। शीघ्र भर्ती के लिए चयन प्रक्रियाओं को सरल और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है।