अरुणोदय चौबे का आरोप- मुसीबत में साथ नहीं दिया कांग्रेसियों ने

BJP में हो सकते हैं शामिल, जिले के कई कद्दावर नेताओं के संपर्क में

549

भोपाल: प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे अरुणोदय चौबे अब जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने कांग्रेस छोड़ने का मन इसलिए बनाया कि हाल ही में उन पर हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज हुआ, लेकिन पार्टी और उनके बड़े नेताओं ने उनकी सुध नहीं ली। वे लंबे अरसे तक फरारी में रहे। इससे पहले भी वे हत्या का आरोप झेल चुके हैं।

पार्टी पर लगाए साथ नहीं देने के आरोप

अरुणोदय चौबे के कांग्रेस छोड़ने के बाद अब उनके भाजपा में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन पर दो बार भारी मुसीबत आई। इस मुसीबत का कारण भी पार्टी से उन्होंने जोड़कर बताया। उन्होंने बताया कि पहले भी सात साल तक मैं हत्या के मामले में परेशान रहा। तब भी जिला संगठन से लेकर कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने कोई मदद नहीं की,न ही मदद करने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठी चार्ज किया और उन समेत कई लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दिया गया। इसमें से कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तीन महीने तक वे जेल में रहे, इस दौरान न तो जिला संगठन का कोई पदाधिकारी इन लोगों से मिलने जेल गया, न ही किसी बड़े नेता ने इनकी मदद की। मैं भी कई दिनों तक इस मामले में फरार रहा। जब पार्टी के नेता ऐसी परेशानी में साथ ही नहीं खड़े हो रहे तो फिर ऐसी पार्टी में रहना ठीक नहीं। इसलिए पार्टी को छोड़ दिया। हालांकि उन्होंने बताया कि इस्तीफा देने के बाद उनकी कमलनाथ से बात हुई, लेकिन उन्होंने इस्तीफा वापस लेने से इंकार कर दिया।

अरुणोदय चौबे को कमलनाथ गुट का माना जाता था। वे 1998 में विधानसभा का पहला चुनाव बीना से लड़े थे। इसके बाद दूसरा चुनाव वे खुरई से लड़े और पहली बार विधानसभा में पहुंची। वे चार चुनाव अब तक लड़ चुके हैं,जिसमें दो बार जीते और दो बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।