
पुत्री के विवाह का संकल्प पूर्ण होते ही मां ने की लोट यात्रा, तुलसी नगर स्थित अनंतेश्वर महादेव के चरणों में अर्पित की कृतज्ञता
के के झा की विशेष रिपोर्ट
इंदौर। माँ की आस्था, संकल्प और विश्वास की शक्ति का एक अत्यंत मार्मिक और दुर्लभ दृश्य आज तुलसी नगर, इंदौर स्थित इच्छा-मनोकामना पूर्ण करने वाले श्री अनंतेश्वर महादेव मंदिर में देखने को मिला, जिसने हर साक्षी को भावविभोर कर दिया।
तुलसी नगर, अपोलो डी.बी. क्षेत्र निवासी एक श्रद्धालु माँ ने अपनी पुत्री के विवाह की मन्नत पूर्ण होने पर अपने संकल्प के अनुसार निवास स्थान से लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी तक लोट कर यात्रा करते हुए श्री अनंतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के समक्ष अपनी गहन कृतज्ञता व्यक्त की।
कठिन और तपस्वी इस लोट यात्रा के दौरान माँ की आंखों में श्रद्धा और चेहरे पर संतोष स्पष्ट झलक रहा था। मंदिर पहुंचने के पश्चात उन्होंने विधिवत जलाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं धन्यवाद अर्पित किया।
इस अनोखी श्रद्धा यात्रा के दौरान पूरे तुलसी नगर क्षेत्र में भक्ति और संवेदना का वातावरण बन गया। मार्ग से गुजरते नागरिकों और श्रद्धालुओं ने इस दृश्य को देखकर भगवान महादेव की असीम कृपा, चमत्कार और मातृत्व की शक्ति को नमन किया।
यह दृश्य इस सत्य को रेखांकित करता है कि जब माँ की प्रार्थना और आस्था भोलेनाथ के चरणों में समर्पित होती है, तो चमत्कार स्वयं मार्ग बना लेते हैं।
अनंतेश्वर सेवा संस्थान तुलसी नगर के अध्यक्ष सीताराम पाटिल ने इस दृश्य पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि श्री अनंतेश्वर महादेव मंदिर में घटित यह घटना आस्था, विश्वास और संकल्प की एक जीवंत मिसाल है।





