Assault on Jain Monk : शिष्य लड़की को भगा ले गया तो परिवार ने जैन मुनि श्री के साथ मारपीट की, 7 पर मामला दर्ज!

घटना के बाद जैन समाज ने अनशन किया, समाज की बड़ी बैठक बुलाई गई!

970

Assault on Jain Monk : शिष्य लड़की को भगा ले गया तो परिवार ने जैन मुनि श्री के साथ मारपीट की, 7 पर मामला दर्ज!

      Chatarpur : चातुर्मास के लिए आए जैन मुनि श्री विशांत सागर के सेवकों में शामिल एक शिष्य समाज की लड़की को भगा ले गया। जैन परिवार को लड़की की जानकारी लगी तो परिजनों ने शुक्रवार रात हंगामा किया था। उस दौरान मुनिश्री पूजा मे थे। शनिवार सुबह करीब 5 बजे कुछ लोग मुनिश्री के पास पहुंचे और उनके साथ मारपीट की और गाली गलाैज की गई। इसके बाद मुनिश्री अन्य संतो और अनुयायियों साथ नगर के मैन बाजार में अनशन पर बैठ गए। समाज के लोगों ने उक्त परिवार के 7 लोगों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

      समाज के लोगों ने बताया कि घटना छतरपुर जिले के घुवारा थाना क्षेत्र की है। जहां मुनिश्री 1008 विशांत सागर महाराज चातुर्मास में घुवारा आए थे। उनके साथ शिष्यों में शामिल एक शिष्य का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बीते दिनों दोनों भाग गए। शिष्य फिरोजाबाद का रहने वाला बताया गया है। लड़की को भगाकर ले जाने के मामले में जैन परिवार के लोग एकत्रित होकर मुनिश्री के पास पहुंचे।

IMG 20241012 WA0294

       शुक्रवार रात वहां पहुंचे लोगों ने हंगामा किया और गेट तोड़ने की कोशिश की और गालियां दी गई। तब मुनिश्री साधना में लीन थे। जब वे बाहर नहीं आए, तो दूसरे दिन (शनिवार) सुबह 5 बजे फिर लोग पहुंच गए और मुनिश्री के साथ मारपीट की। घटना के बाद समाज के लोग एकत्रित हुए और थाने पहुंचे। साथ ही मुनिश्री के साथ धरने पर बैठ गए। पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र जैन, जिनेंद्र जैन, महेंद्र जैन, नरेंद्र जैन सहित उनके लड़कों पर मामला दर्ज कर लिया।

जैन समाज की बैठक बुलाई

    जैन समाज के लोगों की बड़ी बैठक बुलाई गई है। जिसमें अन्य जिलों से करीब एक हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। मामले को लेकर भगवां थाना प्रभारी रामस्वरूप उपाध्याय ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर मामला जांच में ले लिया है।