Attack on Embezzlement Accused : 15 करोड़ के गबन की आरोपी जेल अधीक्षक को हार्ट अटैक!

जेल के दो एकाउंट कर्मचारियों ने अधीक्षक की आईडी और पासवर्ड का उपयोग कर अफरातफरी की!

692

Attack on Embezzlement Accused : 15 करोड़ के गबन की आरोपी जेल अधीक्षक को हार्ट अटैक!

Ujjain : केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के 100 कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से 15 करोड़ रुपए की राशि गबन के मामले में शनिवार को पुलिस ने जेल अधीक्षक उषा राज को हिरासत में लिया गया था। बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने उन्हें रविवार को दोबारा थाने पर आने की हिदायत देकर छोड़ दिया था। रविवार को जेल अधीक्षक की बेटी ने पुलिस को बताया कि उनकी मां को हार्ट अटैक आ गया है, वे इंदौर के अस्पताल में भर्ती हैं।

केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के करीब सौ कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों से जेल के सहायक लेखा अधिकारी रिपुदमनसिंह व शैलेंद्रसिंह सिकरवार ने 15 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकाल ली है। आरोपियों ने जेल अधीक्षक की आईडी व पासवर्ड का उपयोग कर इस गबन को अंजाम दिया। पुलिस ने जेल अधीक्षक उषा राज को बयान दर्ज करने के लिए शनिवार को कार्यालय से हिरासत में लिया था।

शनिवार देर शाम तक जेल अधीक्षक उषा राज से पूछताछ की गई। इसके बाद रविवार को वापस आने की हिदायत देकर छोड़ दिया था। रविवार को वे दोबारा थाने नहीं पहुंचीं। इस पर भैरवगढ़ थाने के टीआई प्रवीण पाठक ने बताया कि जेल अधीक्षक को बुलाने के लिए फोन लगाया गया तो उनकी बेटी ने फोन उठाया। उसका कहना था कि मां की तबीयत खराब हो गई है। हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें इंदौर के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

दोनों फरार आरोपियों की तलाश 

गबन कांड के मुख्य आरोपी रिपुदमन व शैलेंद्रसिंह की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों के रिश्तेदारों के यहां भी पुलिस छानबीन करने जाएगी। हालांकि, अभी तक आरोपियों का पता नहीं चला हैं।

सटोरियों के खाते में पैसा गया 

जेल कर्मचारियों के खाते से गायब हुए रुपयों की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कुछ जेल कर्मचारियों के खाते से रुपये संदिग्ध लोगों के खाते में गए हैं। इनमें से कुछ लोग ऐसे हैं, जिन पर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। ललित, सुशील, गोपाल आदि सटोरियों के खाते में ये रुपए गए हैं। जांच अधिकारी इस बिंदु पर भी जांच कर रहे हैं।