

पालकी में सवार होकर बाबा भोलेनाथ की निकली भव्य बारात सैकड़ों नगरवासी बारात में हुए शामिल!
भोले की भक्ति में डूबे भक्तगण!
भोलेनाथ को दूल्हा बनाया, जल दूध से किया अभिषेक, फरियाली खिचड़ी एवं केसरिया दूध का बांटा महाप्रसाद!
सचिन भंडारी की रिपोर्ट
महिदपुर रोड : बुधवार को उज्जैन जिले के महिदपुर रोड में महाशिवरात्रि के पावन पर्व अवसर पर महाकाल मित्र मंडल द्वारा श्री त्रिभुवननाथ महादेव मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी एवं बारात निकाली गई। जिसमें बैंड-बाजे-ढोल-नगाड़े डीजे पर भोलेनाथ के सुमधुर भजनों पर सैकड़ों नगर-वासियों ने भगवान के बाराती बनकर, नाचते झूमते गाते हुए भक्ति में भाव-विभोर होकर नृत्य करते हुए चल रहे थे।
भगवान भोलेनाथ को पालकी में विराजमान किया गया था। भक्तगण पालकी को कंधे पर धारण किए हुए चल रहे थे, रथ पर शिव-पार्वती का रूप धारण किए बच्चे विराजमान थे। जगह-जगह पर भक्तों द्वारा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की गई।
नगर वासियों द्वारा जगह-जगह भगवान भोलेनाथ की बारात का स्वागत-सत्कार कर आतिशबाजी की गई। बारात नगर के मुख्य मार्गों का परिभ्रमण करने के 3 घंटे पश्चात नवदुर्गा माताजी मंदिर पहुंची। मंदिर परिसर को विद्युत साज-सज्जा एवं आकर्षक फूलों से सजाया गया था। वहां पर भगवान भोलेनाथ एवं माता गौरी का विवाह विधि-विधान के साथ सैकड़ों भक्तों व नगर वासियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अनमोल पल को सभी नगरवासी अपने नेत्रों से निहारत हुए सौभाग्यशाली बनकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे थे।
सर्वप्रथम त्रिभुवननाथ मंदिर में अनिल विश्वकर्मा ने सपत्नीक अभिषेक किया। सैकड़ों भक्तों को महाकाल मित्र मंडल द्वारा चंदन का तिलक लगाया गया। भगवान की बारात का नागदा चौराहे पर महाकाल मित्र मंडल द्वारा साबूदाने की खीर, माताजी मंदिर पर केसर के दूध से बारात का स्वागत किया गया। इस मंगलकारी अवसर पर क्षत्रिय विधायक दिनेश जैन (बोस) साथ ही जनप्रतिनिधि समस्त नगर वासियों, माता-बहनों ने सम्मिलित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया। जानकारी नगर के सामाजिक कार्यकर्ता सचिन भंडारी ने दी।