

Ban on Stubble Burning : खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं पर रोकथाम के लिए कलेक्टर ने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया!
Indore : जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर जिले में फसलों के अवशेष (नरवाई) जलाने की घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा समय-समय पर प्रदेश में फसलों विशेषतः गेहूँ की फसल कटाई उपरांत फसल अवशेषों (नरवाई) को खेतों में जलाये जाने संबंधी जारी प्रतिबंधित निर्देश के परिपालन में जारी किए गए।
जिले में फसल अवशेषों (नरवाई) रोकथाम, पर्यावरण सुरक्षा, आमजन एवं जीव जन्तुओं की जीवन सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिला दण्डाधिकारी एवं कलेक्टर आशीष सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 (1) (2) भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए। आदेश में कहा गया कि इंदौर जिले में किसी भी व्यक्ति द्वारा फसलों विशेषतः गेहूँ की फसल कटाई उपरांत फसल अवशेषों (नरवाई) को खेतों में जलाने की कार्यवाही की जाती है, तो उसके विरूद्ध इस आदेश का उल्लंघन के लिए कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा इसका उल्लंघन करने वाले व्यक्ति, संस्था, आयोजक के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के अन्तर्गत कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश 12 जून 2025 तक प्रभावशील रहेगा।