बड़वानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; परिसर खाली कर सघन तलाशी

84

बड़वानी कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप; परिसर खाली कर सघन तलाशी

बड़वानी: जिला एवं सत्र न्यायालय बड़वानी में उस समय अफरातफरी मच गई, जब ईमेल के माध्यम से बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि घंटों चली जांच के बाद कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर तमिल भाषा में एक संदेश प्राप्त हुआ। संदेश का अनुवाद करने पर सामने आया कि कोर्ट परिसर में 15 जहरीले बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे। यह सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों, वकीलों और आम लोगों में भय का माहौल बन गया।

न्यायाधीश ने बताया कि उस दिन अवकाश होने के बावजूद ई-सेवा केंद्र चालू था, जहां कुछ कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद थे। सुरक्षा के मद्देनजर सभी को तुरंत बाहर निकाला गया और पूरे क्षेत्र को खाली करा लिया गया।

पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे पुलिस को सूचना मिली, जिसके बाद कोतवाली थाना (करीब 150 मीटर दूरी पर स्थित) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसर के साथ ही कोर्ट कक्ष, वकीलों के चैंबर और आसपास की दुकानों को भी बंद करा दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई। साथ ही खरगोन से बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत न्यायालय के आसपास की सड़कों पर यातायात को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जांच के दौरान न्यायालय भवन के निचले हिस्से से लेकर छत तक हर जगह सघन निरीक्षण किया गया, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। फिलहाल यह धमकी भरा ईमेल फर्जी प्रतीत हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है और इसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास जारी है।

गौरतलब है कि हाल ही में भोपाल, इंदौर, सतना और मैहर सहित प्रदेश के कई जिलों में इसी तरह के धमकी भरे ईमेल सामने आए हैं, जो बाद में अफवाह या शरारत साबित हुए। ऐसे मामलों को लेकर पुलिस सतर्क है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।