Bells in Temples : ‘श्री महाकाल लोक’ के लोकार्पण के साथ जिलेभर के मंदिरों में भी घंटानाद!

इंदौर जिले में उत्साह और उमंग का अद्भुत वातावरण, मंदिरों में विशेष कार्यक्रम

788

Bells in Temples : ‘श्री महाकाल लोक’ के लोकार्पण के साथ जिलेभर के मंदिरों में भी घंटानाद!

Indore : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उज्जैन में महाकाल लोक के आलौकिक तथा दिव्य और भव्य लोकार्पण समारोह के लिए आ रहे हैं। इससे इंदौर जिले में भी उत्साह और उमंग का अद्भुत वातावरण है। पूरा जिला भक्तिमय रहेगा और इस कार्यक्रम का साक्षी बनेगा। पूरा इंदौर जिला भक्ति, उल्लास और उमंग से सराबोर रहेगा। सभी गांवों और नगर परिषदों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।
कलेक्टर मनीष सिंह के निर्देश पर जिले में भी तैयारियां की गई। मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई है। मंदिरों में घंटे-ड़ियाल के साथ शंखनाद किया जाएगा और भजन कीर्तन होंगे। हर नागरिक इस कार्यक्रम का साक्षी बन सके, इसके लिए मंदिरों में विशाल LED और TV लगाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा। जिले में जगह-जगह मंदिरों में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के समस्त मंदिरों में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गांवों में मंदिरों के आस-पास के क्षेत्र में प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा। महाकाल लोक से संबंधित अथवा कार्यक्रम से संबंधित फ्लेक्स, होर्डिंग लगाए हैं।

मंदिरों की साज-सज्जा
मंदिर के पुजारी, संत, आध्यात्मिक-सामाजिक व्यक्तियों, मंदिरों की प्रबंध समिति के सदस्यों, पंच, सरपंच, पार्षद, नगर परिषद अध्यक्ष, जनपद सदस्य, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा ग्राम पटेल, अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों में ससम्मान आमंत्रित किया गया है। मंदिरों की साफ-सफाई, पुताई, साज-सज्जा भी की गई है।

बैठने के लिए व्यवस्था
मंदिरों में नागरिकों के बैठने के लिए बिछात या कुर्सी आदि की व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम के दिन मंदिरों में विशेष पूजन के आयोजन किए जाएंगे। प्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिरों में टीवी लगाए जाएंगे। कार्यक्रम के दिन मंदिर में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। साथ ही विद्युत रोशनी भी की जाएगी। मंदिरों को झंडे तथा पताकाएँ लगाकर सजाया जा रहा है। कार्यक्रम वाले दिन मंदिरों में शंख ध्वनि होगी प्रत्येक शिव मंदिर में विशेष अभिषेक का इंतजाम किया गया है। नागरिकों को आज अपने-अपने घरों में दीपक जलाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

WhatsApp Image 2022 10 11 at 2.26.48 PM

इंदौर के इन मंदिरों में विशेष सजावट
इंदौर में विशेष रूप से खजराना मंदिर, वैष्णव देवी माता मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, रणजीत हनुमान मंदिर अन्नपूर्ण मंदिर, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गुटकेश्वर महादेव मंदिर, गेंदेश्वर महादेव मंदिर, इंद्रेश्वर महादेव मंदिर, बीजासन माता मंदिर, बड़ा गणपति मंदिर, पितृ पर्वन हनुमान मंदिर तथा कनकेश्वरी देवी मंदिर में विशेष कार्यक्रम होंगे।
इसी तरह सांवेर के उल्टा हनुमान मंदिर, चामुण्डा माता मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर तथा गणपति मंदिर, महू तहसील के चक्की वाले महादेव मंदिर, जानकेश्वर महादेव मंदिर, भोलेनाथ मंदिर, गोपाल मंदिर, खड़े हनुमान मंदिर, प्राचीन कालीमाता मंदिर, सांई बाबा मंदिर, बालाजी मंदिर, शनि मंदिर, परसुराम मंदिर माँ आशापुरा मंदिर में साज सज्जा की गई है।
देपालपुर के अचलेश्वर महादेव मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, 24 अवतार मंदिर, अन्नपूर्ण मंदिर, ममलेश्वर महादेव मंदिर, कनाड़िया के श्री राम मंदिर, बिचौली हप्सी के देवगुराड़िया गुटकेश्वर महादेव मंदिर, केवड़िया महादेव मंदिर, खुडैल के जबरेश्वर मंदिर, शिवशंकर महादेव मंदिर, श्री गोवर्धन नाथ मंदिर, श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर तथा हातोद के बिलकेश्वर महादेव मंदिर, अम्बे माता मंदिर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा जिले के अन्य मंदिरों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।