Bharat Gaurav Train Departs Today : भारत गौरव ट्रेन आज रवाना, दक्षिण भारत के दर्शन कराएगी!

10 दिनों की यात्रा में रामेश्वरम, तिरुपति समेत कई स्थलों की सैर!

749

Bharat Gaurav Train Departs Today : भारत गौरव ट्रेन आज रवाना, दक्षिण भारत के दर्शन कराएगी!

Indore : रेल मंत्रालय ने पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत गौरव पर्यटक ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। ऐसी ही एक ट्रेन आज इंदौर से रवाना होकर रामेश्वरम्, तिरूपति बालाजी समेत दक्षिण भारत के लगभग सभी प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थानों के दर्शन करवाएगी।

रेलवे हमारे देश को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्षेत्र में एक आकर्षक पर्यटन केंद्र बनाना चाहता है। भारतीय रेल की ऐसी ट्रेनों की परिकल्पना घरेलू पर्यटकों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत से अवगत कराने के लिए की गई है।

भारत गौरव पर्यटक ट्रेन 29 अप्रैल को इंदौर स्टेशन से रवाना होगी। यह रामेश्वरम, तिरुपति दक्षिण दर्शन यात्रा करवाएगी। ट्रैन देवास, उज्जैन, शुजालपुर, रानी कमलापति, इटारसी, बैतूल एवं नागपुर स्टेशनों से होते हुए जाएगी। यहां से भी यात्री इस ट्रैन में सवार हो सकेंगे। 10 दिनों की इस यात्रा में कन्याकुमारी, मदुरई, रामेश्वरम, तिरुपति एवं त्रिवेन्द्रम के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

इस यात्रा के लिए यात्रियों से 18 हजार 700 रुपए प्रति व्यक्ति (स्टैण्डर्ड श्रेणी) का किराया व खर्च लिया जाएगा। इसमें भारत गौरव ट्रेन के विशेष एलएचबी रेक में आरामदायक रेल यात्रा, ऑन-बोर्ड और ऑफ-बोर्ड भोजन, सड़क परिवहन और गुणवत्तायुक्तक बसों में दर्शनीय स्थलों की यात्रा, यात्रा कार्यक्रम के अनुसार आवास की व्यवस्था, यात्रा में टूर एस्कॉर्ट्स, यात्रा बीमा, ऑन-बोर्ड सुरक्षा और हाउसकीपिंग की सेवा शामिल है। सभी यात्रियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए सचेत किया गया है।