Bharat Jodo : राहुल गांधी के साथ RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी चले! 

देश की कई नामी हस्तियां अब तक राहुल के साथ जुड़ीं!

362

Bharat Jodo : राहुल गांधी के साथ RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन भी चले! 

Sawai Madhopur (Rajasthan) : भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन बुधवार सुबह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा सांसद राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल हुए। राजस्थान के सवाई माधोपुर इलाके में चल रही ‘भारत जोड़ो’ यात्रा के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए गए। इन वीडियो में राहुल गांधी और रघुराम राजन को साथ चलते और बातें करते देखा जा सकता है। UPA सरकार में रघुराम राजन को RBI का गर्वनर बनाया गया था। रघुराम राजन आर्थिक मुद्दों पर बेबाक अपनी बात रखने के लिए जाने जाते हैं।

कई विपक्षी दलों के जाने-माने राजनेताओं के अतिरिक्त समाजसेवी मेधा पाटकर, स्वयंभू गॉडमैन नामदेव दास त्यागी (जिन्हें कम्प्यूटर बाबा के नाम से जाना जाता है), अभिनेत्री स्वरा भास्कर तथा पेशेवर बॉक्सर विजेंदर सिंह पिछले कुछ समय के दौरान राहुल गांधी के साथ ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में शामिल हो चुके हैं.

7 सितंबर, 2022 को भारत के दक्षिणी छोर कन्याकुमारी से शुरू हुई ‘भारत जोड़ो’ यात्रा देश के उत्तरी केंद्रशासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर तक जाएगी, और इसके तहत लगभग 150 दिन में 3,500 किलोमीटर से ज़्यादा पैदल चलना होगा. ‘भारत जोड़ो’ यात्रा संभवतः अगले साल गणतंत्र दिवस पर श्रीनगर में समाप्त होगी।

‘भारत जोड़ो’ यात्रा अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से होते हुए राजस्थान पहुंच चुकी है। यहां से यह हरियाणा में प्रवेश करेगी, और अब तक कई जानी-मानी हस्तियां यात्रा में शिरकत कर चुकी हैं।