Bharat Jodo : प्रदेश में राहुल की 13 दिनों की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी!

कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में यात्रा का स्वागत इतिहास में दर्ज होगा

456

Bharat Jodo : प्रदेश में राहुल की 13 दिनों की यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी!

Indore : राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को लेकर आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में जाल सभागृह में महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में यात्रा के मध्य प्रदेश में 13 दिनों में विभिन्न शहरों से गुजरने वाली व्यवस्था पर चर्चा की गई। बैठक में प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी व अरुण यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस की यह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्य प्रदेश के कई जिलों से होकर गुजरेगी, जहां यात्रा का भव्य स्वागत होगा। मध्यप्रदेश में यह यात्रा ऐतिहासिक होगी, जो भविष्य में इतिहास के पन्नों पर दर्ज होगी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया एक जन आंदोलन है इसे राहुल गांधी द्वारा 7 सितंबर को कन्याकुमारी में शुरू किया गया था। यह 3,570 किमी लंबी, 150-दिन की ‘नॉन-स्टॉप’ पदयात्रा हो रही है जो देश के 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश को कवर करेगी। आगामी दिनों में यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी जो विभिन्न शहरों में 13 दिनों तक रहेंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि विश्व में ऐसा कोई देश नहीं है जहां इस तरह की यात्रा निकाली गई हो। क्योंकि, भारत एकता में अनेकता का देश है वहीं विश्व में कोई ऐसा देश नहीं है जहां पर इतनी जातियां देवी देवता या भाषा होते हैं। यहां हर 400 किलोमीटर में भाषा और खाना बदल जाता है।

उन्होंने कहा कि यह भारत जोड़ो यात्रा देश की संस्कृति को जोड़ने और कांग्रेस को मजबूत करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा क्यों निकालना पड़ी, इसे लेकर कमलनाथ ने कहा कि अभी भारत की संस्कृति खतरे में पड़ गई है।

कमलनाथ ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा केवल राजनीतिक यात्रा नहीं है यह एक व्यक्ति के मन में विचार है कि हमारा संविधान और हमारी संस्कृति खतरे में है। केवल एक जगह जाकर भाषण देना और लोगों से बातचीत कर लेना इससे भारत की संस्कृति का सुधार नहीं हो सकता। इसलिए कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी देशभर में पैदल यात्रा के माध्यम से लोगों से मिल रहे हैं। जिसमें हजारों की संख्या में हर जिले में लोग इस यात्रा में शामिल हो रहे हैं।