Bharat Jodo Yatra : कमल हासन भी राहुल गांधी की यात्रा में चले!

राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गरमाया, कई और भी यात्रा में दिखाई दिए!

568

Bharat Jodo Yatra : कमल हासन भी राहुल गांधी की यात्रा में चले!

New Delhi : साउथ के सुपर स्टार कमल हासन कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। उनके इस कदम से चर्चाओं का बाजार गर्म है। कमल हासन मक्कल निधि मय्यम (MKM) के अध्यक्ष हैं और तमिलनाडु की राजनीति में कांग्रेस और डीएमके का कई बार विरोध करते रहे हैं। ऐसे में उनके यात्रा में शामिल होने से कई राजनीतिक अटकलें लगाई जाने लगी।

शनिवार सुबह दिल्ली पहुंची राहुल गांधी की यात्रा बदरपुर बॉर्डर के रास्ते दिल्ली में दाखिल हुई। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी कुछ दूरी तक इस यात्रा में शामिल हुईं। कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा बहुजन समाज पार्टी के सांसद श्याम सिंह यादव और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता टी सुमथि भी राहुल गांधी की यात्रा में शामिल हुए।

अभी तक इस यात्रा में पूजा भट्ट, रिया सेन, सुशांत सिंह, स्वरा भास्कर, रश्मि देसाई, आकांक्षा पुरी और अमोल पालेकर जैसी फिल्मी और टेलीविजन हस्तियों के साथ-साथ समाज के कई अन्य वर्गों के लोगों की भागीदारी देखी गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के अलावा पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल एल रामदास, शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (RKP) की सुप्रिया सुले, द्रमुक नेता कनिमोई और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन सहित कई अन्य हस्तियां भी समय-समय पर इस यात्रा में शामिल हुए।

सोनिया गांधी भी शामिल हुई

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए ट्वीट किया ‘जो मोहब्बत इनसे मिली है, वही देश से बांट रहा हूं।’ यात्रा सुबह लगभग 10 बजे दक्षिणी दिल्ली में आश्रम चौक पहुंची जहां जयराम आश्रम में राहुल गांधी और अन्य सभी भारत यात्रियों ने कुछ देर विश्राम किया। राहुल गांधी ने यहां सियाराम दरबार के दर्शन किए। अपराह्न लगभग एक बजे यह यात्रा फिर से शुरू हुई जो लाल किले तक पहुंची।