
Bhopal Marathon: सूरज के उगते ही शुरू हुई पंख मैराथन, दंगल गर्ल फातिमा शेख ने किया फ्लैग ऑफ
भोपाल में सूरज की पहली किरण के साथ पंख मैराथन 2026 का आगाज हुआ। ‘दंगल गर्ल’ फातिमा सना शेख ने फ्लैग ऑफ किया। 42, 21, 10 और 6 किमी की रेस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साह से भाग लिया.
भोपाल। राजधानी भोपाल की सुबह रविवार को बिल्कुल अलग नजर आई। सूरज की पहली किरण के साथ ही सेंट्रल इंडिया की सबसे बड़ी मैराथन पंख मैराथन 2026 का आगाज हुआ। टीटी नगर स्टेडियम से हजारों की संख्या में लोगों ने दौड़ना शुरू किया। जिनमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपनी फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के लिए सड़क पर उतरे।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही बॉलीवुड अभिनेत्री फातिमा सना शेख, जिन्हें ‘दंगल गर्ल’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने प्रत्येक रेस का फ्लैग ऑफ किया और रनर्स को उत्साहवर्धन का संदेश दिया।
फातिमा शेख ने जीता लोगों का दिल
मैदान में आते ही फातिमा सना शेख ने रनर्स और दर्शकों का दिल जीत लिया। कई प्रतिभागी उनके साथ हाथ मिलाने, सेल्फी लेने, और कैमरे में फोटो कैप्चर करने के लिए आगे बढ़े। अभिनेत्री ने सभी का अभिवादन किया और हौसला बढ़ाया।

फातिमा ने कहा, फिटनेस और खेल जीवन का अहम हिस्सा हैं। ऐसे आयोजनों में भाग लेना न केवल स्वास्थ्य के लिए अच्छा है, बल्कि समुदाय को एक साथ लाने का भी शानदार जरिया है।
मैराथन का रूट और आयोजन के बारे में जानें
मैदान से शुरू होकर रेस का मार्ग अपर लेक क्षेत्र से गुजरता हुआ फिर टीटी नगर स्टेडियम में समाप्त हुआ।
चार कैटेगरी में रेस आयोजित की गई-
- 42 किमी – फुल मैराथन
- 21 किमी – हाफ मैराथन
- 10 किमी – शॉर्ट रेस
- 6 किमी – फिटनेस और जनजागरूकता रेस
पुरस्कार राशि:
- 42 किमी और 21 किमी रेस के विजेताओं को 10-10 हजार रुपए
- 10 किमी रेस के विजेता को 7 हजार रुपए
- 6 किमी रेस का आयोजन सिर्फ फिटनेस और जनजागरूकता के उद्देश्य से किया गया।रनर्स और दर्शकों के उत्साह को और बढ़ाने के लिए रेस से पहले 45 मिनट का जुम्बा सेशन आयोजित किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ इसमें हिस्सा लिया।परिवार और बच्चों के लिए भी विशेष मनोरंजन की व्यवस्था रही। संगीत, डांस और लाइव एक्टिविटी ने भोपाल की सुबह को उत्सव का रूप दे दिया।टीटी नगर स्टेडियम में मैराथन का समापन हुआ। विजेताओं को उनके पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी प्रतिभागियों को सम्मानित करने के साथ स्मृति चिन्ह भी दिया गया। फातिमा सना शेख ने विजेताओं को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों को लगातार फिटनेस बनाए रखने की प्रेरणा दी।





