Bhopal News: वेस्टर्न बायपास परियोजना बनेगी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, लोगों ने लगाई आपत्ति

43

Bhopal News: वेस्टर्न बायपास परियोजना बनेगी ग्रामीणों के लिए मुसीबत, लोगों ने लगाई आपत्ति

भोपाल। भोपाल जिले में वेस्टर्न बायपास परियोजना निर्माण के पहले ही लगातार विवादों में घिरा हुआ है। इसके तहत प्रस्तावित सड़क हुजूर तहसील के ग्राम खोकरिया में आबादी के नजदीक से होकर गुजर रही है। इससे ग्रामीणों की शांति भंग होगी, इससे परेशान होकर ग्रामीणों ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत करते हुए आपत्ति दर्ज करवाई है। जिस पर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने मामले की जांच हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया को सौंपी है।

तहसील हुजूर के ग्राम खोकरिया निवासी सुभाष चंद्रवंशी ने शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि भोपाल वेस्टर्न बायपास परियोजना के तहत प्रस्तावित सड़क ग्राम खोकरिया की आबादी के अत्यंत पास से बनाई जा रही है, जिसमें नियमों टाउन एंड कंट्री प्लानिंग व सामान्य सड़क नियोजन मानकों का उल्लंघन किया जा रहा है। नियमों के अनुसार बायपास, हाई स्पीड कारिडोर को आबादी से न्यूनतम 100 मीटर और आदर्श रूप से 200 से 500 मीटर की दूरी पर होना चाहिए। जिससे आवासीय, शिक्षा, स्वास्थ्य व अन्य विकास कार्य किए जा सकें और प्राकृतिक विस्तार बाधित न हो। सड़क के अत्यधिक पास होने से ध्वनि, वायु प्रदूषण व कंपन, सड़क दुर्घटनाओं की आशंका, बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की सुरक्षा को खतरा,वर्षा जल निकासी, जलभराव आदि समस्याएं बनेंगी। ऐसे में मार्ग का दोबारा से सर्वेक्षण करवाकर नियमानुसार दूरी तय की जानी चाहिए।