
Bhopal Railway Station: पटरी पर नहा रहे बच्चे, तो कहीं शार्टकट के चक्कर में पटरी से होकर गुजर रहे लोग
भोपाल। यात्रीगण कृपया ध्यान दें, रेलवे ट्रैक पार न करें। एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने के लिए फुटओवर ब्रिज और लिफ्ट का इस्तेमाल करें..। इस उद्घोषणा के बावजूद यात्री रेलवे ट्रैक पार करते हैं और ट्रेन की चपेट में जान गंवा बैठते हैं। इन दिनों ट्रेन व स्टेशन पर भीड़ हो रही है।
ट्रेन में सीट पाने के लिए यात्री एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए शार्टकट अपनाकर-जान जोखिम में डालकर पटरी पार कर हैं। इतना ही नहीं प्लेटफॉर्म 6 की ओर कुछ बच्चे पटरी पर लगे नल से नहा रहे हैं। इस दौरान आरपीएफ व टीटी स्टाफ मौके पर मौजूद रहता है, लेकिन वह कार्रवाई नहीं करते हैं, जिससे किसी दिन यहां बड़ा हादसा हो सकता है। स्टेशन पर बने ओवरब्रिज का इस्तेमाल न करके लोग जल्दी के चक्कर में पटरी पार करते हैं।
आए दिन पटरी पार कर रहे लोग
भोपाल स्टेशन पर यह नजारा देखने मिल जाएगा। यहां प्लेटफार्म नंबर 6 की ओर अधिकांश दूसरे प्लेटफार्म पर जाने के लिए पटरी का ही उपयोग करते हैं। वहीं रेलवे के जवान और कर्मी भी लापरवाही बरतने वालों पर किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे लोगों के हौसले बुलंद हैं। रेलवे स्टेशन पर अपनी जान खतरे में डालकर पुरुष, बच्चों के पटरी करने का नजारा आए दिन दिखाई दे सकता है।
ज्यादातर वेंडर फुट ओवरब्रिज का नहीं करते उपयोग
स्टेशन वेंडर अपनी दुकान पर सामान पहुंचाने के लिए एफओबी से न जाकर सीधा रेलवे लाइन पार करके प्लेटफार्म पर पहुंच रहे हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन पर छह प्लेटफार्म हैं। दो नंबर मुख्य प्लेटफार्म है, दो से पांच तक प्लेटफार्म व्यस्त रहते हैं। बीना व इटरासी छोर पर दो ओवरब्रिज बने हैं। दो लिफ्ट भी लगी हैं, लेकिन ज्यादातर समय उनके बंद रहने से लोग पटरियों को पार करते हैं।
फैक्ट फाइल
रोजाना यात्रा करने वाले लोग – लगभग 30 से 35 हजार
भोपाल से निकलने वाली ट्रेन – 230 ट्रेन





