
Big Action: 93 लाख रुपये के फर्जी भुगतान के आरोप में जबलपुर के CMHO डॉ. संजय मिश्रा सस्पेंड
जबलपुर: Big Action: राज्य सरकार ने 93 लाख रुपये के फर्जी भुगतान के आरोप में जबलपुर के प्रभारी मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय मिश्रा को सस्पेंड कर दिया गया है। फर्जी बिलों के जरिए हुए करोड़ों के घोटाले की जांच आखिरकार अपने अंजाम तक पहुंची और इसकी आंच अब सीधे जबलपुर के CMHO डॉ. संजय मिश्रा तक जा पहुंची। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
डॉ. मिश्रा को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं—दोनों महत्वपूर्ण पदों से हटाया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भोपाल संभाग के क्षेत्रीय संचालक कार्यालय में निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
*फर्जी बिलों के जरिए दिखाया भुगतान*
दरअसल, CMHO कार्यालय में फर्जी देयकों के माध्यम से भुगतान किए जाने की शिकायतों के बाद जांच शुरू की गई थी। डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में गठित टीम ने पाया कि भोपाल की एक निजी कंपनी को 12 फर्जी बिलों के जरिए करीब 93.04 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित सामग्री कभी प्राप्त ही नहीं हुई।
*तीन कर्मचारियों पर पहले ही कार्रवाई*
इस मामले में कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए पहले ही तीन कर्मचारियों पर गाज गिर चुकी है। स्टोरकीपर का दायित्व संभाल रहे फार्मासिस्ट नीरज कौरव को निलंबित किया गया, जबकि जिला कार्यक्रम प्रबंधक आदित्य तिवारी और फार्मासिस्ट जवाहर लोधी को हटाकर सिहोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अटैच कर दिया गया है। दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्ताव एनएचएम को भेजा गया है।
करीब चार साल तक सीएमएचओ की जिम्मेदारी संभालने वाले डॉ. संजय मिश्रा अब इस घोटाले में घिर गए हैं। जांच रिपोर्ट आगे की कार्रवाई के लिए भोपाल भेजी जा चुकी है, जिससे आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है।





