
Big Crackdown on Drug Peddlers : सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई, 52 किलो क्रिस्टल MD के साथ भारी मात्रा में केमिकल जब्त!
Indore : सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महू तहसील के एक गांव में संचालित हो रही ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया हैं। इस पूरी कार्रवाई के दौरान अब तक लगभग 52 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली क्रिस्टल एमडी और भारी मात्रा में रसायनिक पदार्थ जब्त किए जा चुके हैं।
मध्य प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। CBN की मध्यप्रदेश इकाई ने इंदौर जिले की महू तहसील के एक छोटे से गांव में चल रही ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस मैराथन ऑपरेशन में अब तक लगभग 52 किलो क्रिस्टल MD और भारी मात्रा में नशीले केमिकल को जब्त किया गया हैं।

बस तलाशी के दौरान खुला राज!
कार्रवाई 13 फरवरी 2026 की रात को हुई, सीबीएन की नीमच और मंदसौर टीमों को सूचना मिली थी कि नशे की एक बड़ी खेप बस के जरिए ले जाई जा रही है। टीम ने घेराबंदी कर मंदसौर में 1 बस की तलाशी ली, जिसमें 2 यात्रियों के पास से 8.172 किलोग्राम क्रिस्टल एमडी बरामद हुई। जब पकड़े गए आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने इस जहर के मुख्य स्त्रोत का पता बता दिया।
रात भर चला सर्च ऑपरेशन!
आरोपियों से मिली जानकारी के बाद सीबीएन की नीमच, मंदसौर, जावरा और उज्जैन की संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाला। अधिकारियों ने रात भर महू तहसील के ग्रामीण इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार 14 फरवरी की सुबह करीब 11 बजे टीमों को ग्राम थवलाय में स्थित एक गुप्त फैक्ट्री को ढूंढने में सफलता मिल गई। यह फैक्ट्री पूरी तरह से नशीले पदार्थों के निर्माण के लिए तैयार की गई थी।
करोड़ों रुपए की ड्रग्स बरामद!
फैक्ट्री के अंदर का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए, वहां से 43.82 किलोग्राम अतिरिक्त क्रिस्टल एमडी बरामद की गई। इसके अलावा, फैक्ट्री से 260 किलो से ज्यादा संदिग्ध रसायनिक पदार्थ और ड्रग्स बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाली उपकरण और मशीनरी जब्त की गई है। बस और फैक्ट्री से मिलाकर कुल 51.992 किलोग्राम नशीला पदार्थ सीबीएन के कब्जे में है, इस जब्त की गई ड्रग्स की कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। मौके पर विभाग की कार्रवाई अभी भी जारी है और मामले में आगे कई बड़े खुलासे होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता!





