Big Decision for Indore Development: भंवरकुआं चौराहे के विकास के लिए DAVV ने जमीन देने की मंजूरी दी

1085

अनिल शुक्ला की रिपोर्ट

इंदौर। इंदौर शहर विकास के लिये एक बड़ा निर्णय हुआ है। शहर के व्यस्ततम भंवरकुआं चौराहे के विकास के लिये देवी अहिल्या विश्व विद्यालय ने जमीन देने की स्वीकृति दी है। जमीन का मामला लम्बे समय से अटका पड़ा था। जमीन मिलने के बाद विकास को गति मिलेगी।

इंदौर शहर का भंवरकुआं चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहा में से एक है। इस चौराहा के विकास के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा महत्वपूर्ण योजना तैयार की गई है। जमीन की वजह से मामला लम्बे समय से अटका पड़ा था। शुक्रवार को मामले में अहम निर्णय हुआ है। देवी अहिल्या विश्व विद्यालय द्वारा चौराहे के लेप्ट टर्न के चौड़ीकरण के साथ ही मंदिर एवं थाना परिसर को विस्थापित करने हेतु 17 हजार वर्ग फीट जमीन दी जाएगी।

इसके अलावा पानी की टंकी निर्माण के लिये भी भूमि दी जायेगी। जमीन के बदले ने डीएवीवी को भी जमीन प्राप्त होगी। जिला प्रशासन द्वारा भी निर्णय लिया गया है कि शिक्षा सुविधा के विस्तार के लिये विश्वविद्यालय को 36 एकड़ जमीन दी जायेगी।

WhatsApp Image 2022 02 04 at 5.13.10 AM

यह जानकारी आरएनटी मार्ग स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में संपन्न एक बैठक में दी गई। बैठक में कलेक्टर मनीष सिंह, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. रेणु जैन, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. रेणु जैन ने बताया कि जमीन आवंटन के संबंध में राज्य शासन की स्वीकृति भी प्राप्त हो गई है। विश्व विद्यालय ने भी अपनी स्वीकृति दे दी है। यह शहर हित में लिया गया निर्णय है। औपचारिकताओं की पूर्ति में समय लगा, अब यह जमीन शीघ्र आवंटित कर दी जायेगी।

कलेक्टर मनीष सिंह ने इसके लिये कुलपति और विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शहर के व्यस्ततम टंट्या भील (भंवरकुआं) चौराहे का विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ हो जायेगा। लेप्ट टर्न चौड़े होंगे। इससे यातायात को व्यवस्थित बनाने में बेहद मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा सुविधा विस्तार के लिये विश्वविद्यालय को 36 एकड़ जमीन दी जा रही है। पहले चरण में 13 एकड़ भूमि आवंटित की जायेगी।

इसके बाद कुछ औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात शेष 23 एकड़ भूमि भी उपलब्ध करा दी जायेगी। विश्वविद्यालय द्वारा थाना एवं मंदिर निर्माण के लिये 17 हजार एवं पानी की टंकी के निर्माण के लिये 17 हजार वर्गफीट भूमि दी जा रही है।
नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने कहा कि शीघ्र ही भूमि का कब्जा लेकर कार्य प्रारंभ कर दिये जायेंगे। टंट्या भील (भंवरकुआं) चौराहे का व्यवस्थित और योजनाबद्ध रूप से विकास किया जायेगा।