Big News: MP में पेपर आउट करने वालों पर लगेगा NSA, 10 साल की होगी जेल

665
NSA

Big News: MP में पेपर आउट करने वालों पर लगेगा NSA, 10 साल की होगी जेल

भोपाल: मध्यप्रदेश में इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में कोई आधा दर्जन पेपर आउट होने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पेपर आउट करने वालों पर लगाम कसने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं परीक्षा के पेपर आउट करने वालों पर अब NSA लगाया जाएगा। इसके अलावा 10 साल की जेल और ₹10 लाख अर्थदंड का प्रावधान भी किया है। साथ ही पेपर आउट करने वाले शिक्षकों की समय सीमा में बर्खास्तगी की कार्रवाई भी की जाएगी।

ये निर्णय माध्यमिक शिक्षा मंडल की कार्यपालिका समिति की बैठक में लिया गया है।

दरअसल इस वर्ष इन परीक्षाओं की के प्रश्न पत्रों पत्रों की गोपनीयता भंग होने के कई उदाहरण मिले हैं। इसे देखते हुए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने यह सख्त निर्णय लिया है।

बता दें कि वर्तमान में पेपर की गोपनीयता भंग करने पर करने पर मध्य प्रदेश मान्यता परीक्षा अधिनियम 1937 की धारा 14 के प्रावधान के अनुसार 3 साल की सजा का प्रावधान है लेकिन इससे भी दोषी बच निकलते हैं।

अब मंडल विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त हो गया है। इसे लेकर मंडल ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वीरा राणा की अध्यक्षता में कल आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया।

इस बैठक में मंडल के सचिव श्रीकांत भनोट, आयुक्त लोक शिक्षण अनुभा श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

यह भी निर्णय लिया गया कि मंडल के 10वीं 12वीं के पेपर पुलिस थानों की जगह बैंकों में रखे जाएंगे। कार्यपालिका समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि सीबीएसई के पेपर बैंक में रखे जाते हैं। यह बेहद गोपनीय होते हैं। इसी तर्ज पर अब माध्यमिक शिक्षा मंडल के पेपर थानों के बजाय परीक्षा केंद्रों के नजदीकी बैंकों में रखे जाएंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा पारित ये सभी प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजे जाएंगे। शासन की मंजूरी मिलते ही परीक्षा अधिनियम में संशोधन की कार्रवाई कर इसे अगले वर्ष से लागू कर दिया जाएगा।